Site icon Buziness Bytes Hindi

25 साल का इंतजार खत्म: जेवर एयरपोर्ट से पहली कमर्शियल फ्लाइट ने भरी उड़ान, किसानों के साथ रचा इतिहास

Noida International Airport

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों का 25 साल पुराना सपना आखिरकार सोमवार को पूरा हो गया। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) से पहली कमर्शियल फ्लाइट ने उड़ान भरकर एक नया इतिहास रच दिया। इंडिगो का विमान 172 किसानों को लेकर लखनऊ के लिए रवाना हुआ। ये वही किसान हैं जिन्होंने एयरपोर्ट निर्माण के लिए अपनी जमीन दी थी।

इस खास मौके पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू भी मौजूद रहे। उन्होंने किसानों के योगदान को सम्मान देने के लिए पहली उड़ान में उन्हें शामिल किए जाने को एक विशेष पहल बताया।

सुबह करीब 8:05 बजे लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से इंडिगो की पहली फ्लाइट जेवर एयरपोर्ट पर सफलतापूर्वक उतरी। इसके साथ ही एयरपोर्ट से नियमित उड़ान सेवाओं की शुरुआत हो गई।

लखनऊ पहुंचने के बाद इन किसानों की मुलाकात उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कराई जाएगी।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा कि यह भारतीय विमानन क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने बताया कि आज से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लखनऊ के अलावा बेंगलुरु, हैदराबाद और अमृतसर के लिए भी उड़ान सेवाएं शुरू हो गई हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश के शीर्ष पांच एयरपोर्ट्स में शामिल होगा और उत्तर प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत की कनेक्टिविटी को नई पहचान देगा।

एयरपोर्ट का विस्तार चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। एक जुलाई से यहां से 16 शहरों के लिए नियमित उड़ानें शुरू करने की योजना है। इनमें जयपुर, भोपाल, चंडीगढ़, बरेली, देहरादून, लखनऊ और नवी मुंबई जैसे शहर शामिल हैं। शुरुआत में इंडिगो और अकासा एयर अपनी सेवाएं संचालित करेंगी।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब उत्तर प्रदेश का पांचवां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बन गया है। इससे पहले लखनऊ, वाराणसी, कुशीनगर और अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट संचालित हो रहे हैं।

जेवर एयरपोर्ट के शुरू होने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश और एनसीआर के करोड़ों लोगों को दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर निर्भरता से राहत मिलेगी। इसके साथ ही व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है।

Exit mobile version