एसी बनाने वाली कंपनी वोल्टास में बड़ा बदलाव हुआ है। कंपनी के टनयरमैन और डायरेक्टर नोएल एन. टाटा 11 नवंबर (बुधवार) को रिटायर हो जाएंगे।
उन्हें 70 साल की उम्र होने की वजह से रिटायर किया जा रहा है। यह टाटा ग्रुप की गाइडलाइंस में दिया गया है।
हालांकि, नोएल एन. टाटा को कंपनी से नहीं हटाया जाएगा। वह 12 नवंबर से मानद चेयरमैन का पद भार संभालेंगे।
नोएल की जगह वोल्टास के नए चेयरमैन सुनील डिसूजा होंगे। सुनील डिसूजा अभी टाटा ग्रुप की FMCG कंपनी टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (TCPL) के मौजूदा मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO हैं।
यह कंपनी टाटा साल्ट, टाटा टी, टेटली और टाटा सम्पन्न जैसे बड़े ब्रांड्स के तहत नमक, चाय, कॉफी, पैकेज्ड फूड और बेवरेज का कारोबार करती है। सुनील डिसूजा 12 नवंबर से वोल्टास के चेयरमैन के रूप में काम शुरू करेंगे।
जयंत बालन नए एमडी बनाए गए
नोएल के अलावा कंपनी के मौजूदा एमडी सीपी मुकुंदन मेनन का कार्यकाल भी अगले साल 24 मई को खत्म हो रहा है। वे भी तब रिटायर हो जाएंगे।
टाटा कंपनी के बोर्ड आफ डायरेक्टर्स ने सीपी मुकुंदन की जगह 27 मई से जयंत बालन को 5 साल के लिए एडिशनल डायरेक्टर और मैनेजिंग डायरेक्टर नियुक्त करने की मंजूरी दी है। जयंत बालन अभी कंपनी के रूम एयर कंडीशनर बिजनेस के हेड हैं।
2017 में नोएल वोल्टास के चेयरमैन बने थे
नोएल टाटा को साल 2017 में वोल्टास का चेयरमैन बनाया गया था। वोल्टास के अलावा नोएल इस साल के आखिरी तक टाटा ग्रुप की टाइटन, टाटा इन्वेस्टमेंट कॉर्पोरेशन, टाटा स्टील और टाटा इंटरनेशनल से भी रिटायर हो जाएंगे।
