कोरोना संक्रमण के मामले अब हो गये 22408
मेरठ। महानगर मेरठ को कोरोना संक्रमण से बुधवार को भी राहत नहीं मिली। आज मेरठ जनपद में कोरोना के 119 नये मामले सामने आये हैं। जनपद में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 22408 हो गयी है। वहीं संक्रमण बढ़ने के साथ जनपद में कोविड की बंदिशें लागू होने की संभावनाएं भी बढ़ती जा रही हैं।
बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी कोरोना रिपोर्ट के अनुसार मेरठ जनपद में आज कुल 6197 सैंपलों की जांच की गयी जिसमें 119 सैंपल पाॅजिटिव पाये गये हैं। आज कोरोना से 2 मरीजों की मौत हो गयी है और मरने वालों का आंकड़ा 412 हो गया है। इस समय 413 लोग होम आईसोलेशन में हैं। आज 38 कोरोना संक्रमितों को उपचार के बाद विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज किया गया है। जिले में कुल कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 22408 हो गया है।
52 वां सैम्पल मिला संक्रमित
रविवार को स्वास्थ्य विभाग की और से 6197 सैम्पल्स की जाँच करवाई गई थी । इस दौरान जाँच में हर 52 वां सैंपल संक्रमित पाया गया । इनमें 71 मरीज नए हैं जबकि 48 मरीज पूर्व में संक्रमित हुवे मरीजों के संपर्क वाले हैं ।
आज गंगानगर तारापुरी, श्रद्धापुरी, तेजविहार, कंकरखेड़ा, सरधना, शास्त्रीनगर और जागृति विहार के अनेक इलाके कोरोना से प्रभावित रहे। वहीं हर दिन बढ़ती कोरोना संक्रमितों की संख्या ने लोगों को चिंता में डाल दिया है। वैक्सीनेशन बूथों पर कोरोना का टीका लगवाले के लिये लोगों की भीड़ उमड़ रही है। वहीं पुलिस भी जगह-जगह चेकिंग अभियान चला कर लोगों को मास्क पहनने के प्रति जागरूक कर रही है। वहीं लोगों के चालान भी काटे जा रहे हैं। हालांकि लोग अब भी सड़कों पर बिना मास्क पहने घुमते दिखाई दे रहे हैं। वहीं सामाजिक दूरी रखने या सेनेटाईजेशन करने की बात तो लोग मानों भूल ही गये हैं। ऐसे में संक्रमण के खतरनाक स्तर पर पहुंचने की आशंका बनी हुई है।

