पूर्णिया: बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए तीसरे फेज के प्रचार के खत्म होने से पहले पूर्णिया की जनसभा में सीएम नीतीश कुमार ने राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा की। नीतीश के संन्यास की घोषणा के बाद उनके विरोधी नेताओं की प्रतिक्रिया आने लगी है।
नितीश ने ज़मीनी हकीकत को समझा
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि हम यह लंबे समय से कह रहे हैं कि नीतीश कुमार अब बिहार का प्रबंधन नहीं कर पा रहे हैं। अब चुनाव प्रचार के आखिरी दिन उन्होंने घोषणा की कि वह राजनीति से संन्यास ले रहे हैं, हो सकता है कि उन्होंने जमीनी हकीकत को समझा हो।’
भागने वालों पर भरोसा ना करें: चिराग़
लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा, ‘अगर रणभूमि से नेता ही गद्दी छोड़ कर भाग जाए तो बाकी के लोग क्या करेंगे? अब JDU का कोई अस्तित्व नहीं बचा है। अगर नीतीश कुमार जी ये सोच रहे हैं कि ये घोषणा करके वो जांच की आंच से बच जाएंगे तो ये मैं होने नहीं दूंगा।’

