Site icon Buziness Bytes Hindi

मेरठ में भी लगाया नाइट कर्फ्यू, आज रात से होगा प्रभावी


मेरठ में भी लगाया नाइट कर्फ्यू, आज रात से होगा प्रभावी

18 अप्रैल तक जनपद में जारी रहेगा नाइट कर्फ्यू

मेरठ। कोरोना संकट से जुझ रहे उत्तर प्रदेश के जिला मेरठ में भी आज रात से नाइट कर्फ्यू लगा दिया गया है। आज रात 10 बजे से लेकर सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू प्रभावी रहेगा। इस दौरान अनावश्यक रूप से सड़क पर किसी को निकलने नहीं दिया जायेगा। आपातकालीन सेवाओं को जहां नाइट कर्फ्यू से छूट रहेगी वहीं रात की पाली में कार्य करने वालों को विशेष अनुमति दी जायेगी।

मेरठ जनपद में कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही थी। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा नाइट कर्फ्यू लगाने का निर्णय जिले के डीएम पर छोड़ दिये जाने के बाद आज सुबह से ही यह अंदेशा लगाया जा रहा था कि मेरठ में भी किसी भी समय नाइट कर्फ्यू लगाने की घोषणा की जा सकती है। जिलाधिकारी के.बालाजी ने आज मेरठ जनपद में नाइट कर्फ्यू लगाने का ऐलान कर दिया है। आज गुरुवार रात से लेकर आने वाली 18 अप्रैल तक जनपद में नाइट कर्फ्यू प्रभावी रहेगा।

बुधवार को मेरठ जनपद में 119 सैंपल पाॅजिटिव पाये गये थे। बुधवार को कोरोना से 2 मरीजों की मौत होने के बाद संक्रमण से जान गंवाने वालों का आंकड़ा 412 हो गया था। बुधवार को जिले में कुल कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 22408 हो गया था। हर दिन बढ़ती कोरोना संक्रमितों की संख्या ने आम जनता से लेकर प्रशासन तक को चिंता में डाल दिया है। वैक्सीनेशन बूथों पर कोरोना का टीका लगवाले के लिये लोगों की भीड़ उमड़ रही है। वहीं पुलिस भी जगह-जगह चेकिंग अभियान चला कर लोगों को मास्क पहनने के प्रति जागरूक कर रही है। वहीं लोगों के चालान भी काटे जा रहे हैं। हालांकि लोग अब भी सड़कों पर बिना मास्क पहने घुमते दिखाई दे रहे हैं। वहीं सामाजिक दूरी रखने या सेनेटाईजेशन करने की बात तो लोग मानों भूल ही गये हैं। ऐसे में संक्रमण के खतरनाक स्तर पर पहुंचने की आशंका बनी हुई है।

इन हालातों को देखते हुए मेरठ जनपद में नाइट कर्फ्यू लगाना मजबूरी बन गया। यदि इसके बाद भी लोग नहीं माने और संक्रमण की रफ्तार नहीं थमी तो आने वाले दिनों में बंदिशों का दायरा और भी बढ़ सकता है।

Exit mobile version