Site icon Buziness Bytes Hindi

दूसरा टी-20 जीत न्यूजीलैंड ने बनाई 2-0 की अजेय बढ़त, हफ़ीज़ की मेहनत हुई बेकार


दूसरा टी-20 जीत न्यूजीलैंड ने बनाई 2-0 की अजेय बढ़त, हफ़ीज़ की मेहनत हुई बेकार

हैमिल्टन: न्यूजीलैंड ने हैमिल्टन में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में पाकिस्तान को 9 विकेट से हरा दिया। पहले खेलते हुए पाकिस्तान की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 163 रन बनाए। मोहम्मद हफीज 99 रन बनाकर नाबाद रहे। जवाब में न्यूजीलैंड ने इस लक्ष्य को सिर्फ 1 विकेट खोकर 19.2 ओवर में हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड ने 3 मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है।

पाकिस्तान के कप्तान शादाब खान ने टॉस जीतकर बैटिंग करने का फैसला किया। हालांकि टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और सिर्फ 56 रन तक ही अपने 4 विकेट गंवा दिए। सलामी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने 22 रनों की पारी जरुर खेली लेकिन बाकी बल्लेबाज फ्लॉप रहे। हैदर अली ने 8 रन बनाए और अब्दुल्लाह शफीक खाता भी नहीं खोल सके। कप्तान शादाब खान भी 4 रन बनाकर चलते बने।

एक छोर से विकेट गिरते रहे और लेकिन दूसरे छोर पर दिग्गज ऑलराउंडर मोहम्मद हफीज टिके रहे। उन्होंने आक्रामक अंदाज में अपनी बैटिंग जारी रखी। मोहम्मद हफीज 57 गेंद पर 10 चौके और 5 छक्के की मदद से 99 रन बनाकर नाबाद रहे और सिर्फ 1 रन से अपने शतक से चूक गए। न्यूजीलैंड की तरफ से टिम साउदी ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड को मार्टिन गप्टिल और टिम साइफर्ट की जोड़ी ने तेज शुरुआत दी। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 3.3 ओवरों में ही 35 रनों की साझेदारी की। मार्टिन गप्टिल 11 गेंद पर 21 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद दूसरे विकेट के लिए कप्तान केन विलियमसन और टिम साइफर्ट ने 129 रनों की साझेदारी कर न्यूजीलैंड को 9 विकेट से जीत दिला दी। टिम साइफर्ट 63 गेंद पर 8 चौके और 3 छक्के की मदद से 84 और कप्तान केन विलियमसन 42 गेंद पर 8 चौके और 1 छक्के की मदद से 57 रन बनाकर नाबाद रहे।

Exit mobile version