Site icon Buziness Bytes Hindi

कोरोना के नये स्ट्रेन के खौफ में नये साल का आगमन


कोरोना के नये स्ट्रेन के खौफ में नये साल का आगमन

11 जनवरी तक अघोषित कफ्र्यू में दिन गुजारेंगे संतविहार कालोनी और मानसरोवर काॅलोनी के लोग

सुनील शर्मा

मेरठ। नये साल का मौका यानि जश्न मनाने का अवसर औरों की तरह संतविहार कालोनी और मानसरोवर काॅलोनी के लोगों ने भी नये साल को कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करते हुए मनाने की तैयारी कर ली थी। मगर जाते-जाते भी साल 2020 के कोरोना ग्रहण ने उनका पीछा नहीं छोड़ा।

अब उनका नया साल मनाने का सपना तो टूटा ही साथ ही उन्हें 11 जनवरी तक अघोषित कफ्र्यू के साये में दिन गुजारने पड़ेंगे। नये साल की खुशियां मनाने की बजाये वह कोरोना वायरस के नये स्ट्रेन के खौफ में दिन गुजार रहे हैं।

संतविहार काॅलोनी में ढाई साल की बच्ची में मिले कोरोना वायरस के नये स्ट्रेन और मानसरोवर काॅलोनी में मिले कोरोना पाॅजिटिव केसों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस-प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने मिले संक्रमितों के घर के आस-पास के एरिया को कंटेनमेंट एरिया घोषित करते हुए सील कर दिया है।

आज अपर नगर मजिस्ट्रेट एवं सीओ ब्रह्मपुरी ने चिकित्सकों की टीम के साथ संत विहार काॅलोनी और मानसरोवर गार्डन पहुंच कर एरिया सील किये जाने की मुनादी कराई। शासन की गाइडलाइन के अनुसार क्षेत्र के लोगों को 11 जनवरी तक घरों में रहने के लिए कहा गया है।

पुलिस-प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग कोरोना के नये स्ट्रेन मिलने के बाद पूरी सर्तकता बरत रहा है। एक ओर जहां कंटेनमेंट एरिया में रहने वाले लोगों की जांच की जा रही है वहीं लोगों को जरूरी सामान की आपूर्ति भी की जा रही है। नगर निगम की टीम काॅलोनी को सैनिटाइज कर रही है। सभी का प्रयास है कि कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन और लोगों तक फैलने न पाए।

पुलिस-प्रशासन द्वारा तमाम सुविधाएं प्रदान किये जाने के बावजूद क्षेत्र का लोगों को नये साल के इस तरह आने का अफसोस है। खासकर युवा वर्ग जिसने इस मौके पर जश्न मनाने की तैयारी कर ली थी उसमें निराशा का माहौल है। वहीं कोरोना के नये स्ट्रेन के खौफ ने उन्हें चिंता में डाल दिया है। अब वह ऊपरवाले से यही दुआ कर रहे हैं कि कोरोना का प्रकोप आगे न बढ़े और वह सामान्य जीवन जी सके।

Exit mobile version