Site icon Buziness Bytes Hindi

गोमती रिवर फ्रंट मामले में नई FIR दर्ज, CBI ने 42 जगहों पर मारे छापे


गोमती रिवर फ्रंट मामले में नई FIR दर्ज, CBI ने 42 जगहों पर मारे छापे

लखनऊ: प्रदेश में चुनावी सरगर्मियों के बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव के ड्रीम प्रोजेक्ट रिवर फ्रंट में कथित घोटाले के मामले सीबीआई फिर सरगर्म हो गयी है. इस मामले में सीबीआई ने नई FIR दर्ज करने के साथ ही यूपी और कई राज्यों में में 42 जगहों पर छापेमारी की है.

42 जगहों पर छापेमारी
इस छापेमारी के अंतर्गत यूपी में 40, राजस्थान और पश्चिम बंगाल में एक-एक सहित 42 स्थानों पर सीबीआई तलाशी ले रही है. रिवर फ्रंट घोटाले के मामले में यह सीबीआई की दूसरी एफआईआर है. इस केस में कुल 189 आरोपी हैं. यूपी में लखनऊ के अलावा, नोयडा, गाज़ियाबाद, बुलंदशहर, रायबरेली, सीतापुर, इटावा, आगरा में सीबीआई ने छापेमारी की है.

कांग्रेस नेता के घर पर रेड
बुलंदशहर में कॉन्ट्रैक्टर राकेश भाटी के आवास पर सीबीआई ने रेड की है. यह रेड रिवर फ्रंट घोटाला मामले से जुड़ी बताई जा रही है. राकेश भाटी प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य हैं. उनके घर के अंदर सीबीआई की टीम खोजबीन और जांच में कई घन्टे जुटी रही.

अखिलेश का ड्रीम प्रोजेक्ट
गौरतलब है कि अखिलेश यादव की सरकार के कार्यकाल में लखनऊ में गोमती नदी के तट पर बने रिवर फ्रंट को समाजवादी पार्टी का ड्रीम प्रोजेक्ट बताया गया था. इस प्रोजेक्ट के शुरू होने के बाद से ही इसमें बड़े घोटाले के आरोप लगते रहे थे. यूपी में योगी सरकार आने के बाद इसकी प्रारंभिक जांच के बाद केस सीबीआई को सौंप दिया गया था. अब सीबीआई इस घोटाले के बड़े जिम्मेदारों पर अपना शिकंजा कस रही है.

Exit mobile version