Site icon Buziness Bytes Hindi

T20 World Cup 2022 NED vs UAE: रोमांचक मैच में नीदरलैंड की यूएई पर जीत

T20 World Cup 2022 NED vs UAE:

#image_title

टी-20 विश्व कप 2022 का पहला दिन बड़ा रोमांचक रहा. पहले मैच में जहाँ नामीबिया के हाथों श्रीलंका की हार का एक बड़ा अपसेट देखने को मिला वहीँ दूसरे मैच में यूएई और नीदरलैंड के बीच कम स्कोर वाला कांटे का मुकाबला देखने को मिला जिसे नीदरलैंड ने एक गेंद पहले तीन विकेट से जीतकर दो महत्वपूर्ण अंक हासिल किये। अपना पहला अंतर्राष्ट्रीय मैच खेल रहे नीदरलैंड के बास डलीडे ने एक ही ओवर में तीन विकेट निकालकर यूएई की टीम को सिर्फ 111 रनों पर रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई लेकिन यूएई के गेंदबाज़ों ने भी नीदरलैंड के बल्लेबाज़ों का कड़ा इम्तेहान लिया और मैच को ऐसे मोड़ तक ले गए जहाँ से कोई भी नतीजा निकल सकता था.

यूएई की टीम पहले बल्लेबाज़ी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट के नुक्सान पर 111 रन ही बना सकी. एक समय उसकी पोजीशन काफी अच्छी लग रही थी मगर 19 वे ओवर में बास डलीडे ने वृत्या अरविंद, बासिल हमीद और कप्तान चुनदनगपोयिल रिज़वान के विकेट निकालकर स्कोर को बड़ा होने से रोक दिया। यूएई के लिए वसीम मुहम्मद ने सबसे बड़ी 41 रनों की पारी खेली, वृत्या अरविंद 18, काशिफ़ दाउद 15 और चिराग सूरी 12 ही डबल फिगर में पहुँच सके. बास डलीडे के अलावा नेटरलैंड के लिए फ़्रेड क्लासेन ने भी किफायती गेंदबाज़ी करते हुए दो विकेट हासिल किये। टिम प्रिंगल ने भी चार ओवर में मात्र 13 रन देकर एक विकेट चटकाया.

112 रनों के छोटे से लक्ष्य का पीछा करने नीदरलैंड की टीम जब उत्तरी तो ऐसा लगा कि पहले मैच की तरह यह मैच भी एकतरफा होगा क्योंकि नीदरलैंड की शुरुआत अच्छी हुई थी मगर यूएई के गेंदबाज़ों जुनैद और ज़हूर ने बाद में विकेट निकलने के साथ नीदरलैंड के बल्लेबाज़ों को रनों के लिए भी तरसा दिया और मैच अंतिम ओवर तक पहुँच गया. नीदरलैंड को आखरी ओवर में 6 रनों की ज़रुरत थी, सात विकेट गिर चुके थे मगर स्कॉट एडवर्ड्स ने धैर्य और संयम नहीं छोड़ा और लोगन वैन बीक के साथ पहली तीन गेंदों पर सिंगल निकाला और चौथी गेंद पर दो रन लेकर स्कोर बराबर कर दिया। पांचवीं गेंद पर यूएई के सारे फील्डर सर्कल में आ गए मगर एडवर्स ने सिंगल चुराकर मैच जीत लिया।

Exit mobile version