Site icon Buziness Bytes Hindi

12 साल बाद इजराइल में नेतन्याहू शासन का अंत


12 साल बाद इजराइल में नेतन्याहू शासन का अंत

तेल अवीव: इजरायल की संसद ने नई सरकार के गठन को मंजूरी दे दी है. सांसदों के 60 और 59 वोट के साथ नफ्ताली बेनेट ने रविवार को इजरायल के केसेट में एक अहम जीत हासिल की. इसी के साथ इजरायल के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहे बेंजमिन नेतन्याहू के कार्यकाल का अंत हो गया. बहुमत हासिल करने के बाद एक दशक से अधिक समय में पहली बार देश के पहले नए नेता के रूप में बेनेट के शपथ ग्रहण के लिए मंच तैयार हुआ है.

बता दें कि इजरायल के पूर्व प्रधानमंत्री बेंजमिन नेतन्याहू अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक चर्चित नेता हैं. वो वैश्विक राजनीति में सक्रिय रहे हैं. इजरायल के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री बने रहने का खिताब भी नेतन्याहू के नाम है. नई सरकार के गठन के बाद नेतन्याहू लिकुड पार्टी के नेता और संसद में विपक्ष के नेता के रूप में कार्य करेंगे.

बेंजमिन नेतन्याहू भी कई आरोपों का सामना कर रहे हैं. नेतन्याहू पर रिश्वत लेने, धोखाधड़ी समेत विश्वासभंग के आरोप लगे हैं. उनके खिलाफ मुकदमें अभी भी चल रहे हैं. हालांकि वो इन आरोपों को खारिज करते आए हैं.

मतदान से पहले इजरायल के नामित प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट ने कहा कि ईरान के साथ हुए अंतरराष्ट्रीय परमाणु समझौते को बहाल करना बड़ी भूल होगी. संसद में दिए भाषण में बेनेट ने कहा कि इजरायल, ईरान के खिलाफ कार्रवाई करने को तैयार है. उन्होंने कहा कि इजरायल, ईरान को परमाणु हथियारों से खुद को लैस करने की अनुमति नहीं देगा.

Exit mobile version