Tomato Rate: भारत में पहली बार टमाटर की खुदरा कीमतों के कारण इसका आयात किया जाएगा। भारी बारिश के कारण टमाटर की आपूर्ति में व्यवधान के बीच टमाटर 240 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गया है। टमाटर की आसमान छूती कीमतों को कम करने के लिए नेपाल भारत को बड़ी मात्रा में टमाटर निर्यात करने के लिए तैयार है। लेकिन उसने बाजार तक आसान पहुंच और अन्य आवश्यक सुविधाओं की मांग की है। नेपाल सरकार ने कहा कि वह भारत को बड़ी मात्रा में टमाटर निर्यात करना चाहती है। लेकिन इसके लिए उसे बाजार और अन्य जरूरी सुविधाओं तक सुगम पहुंच की जरूरत है। इससे पहले वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद को बताया था कि भारत ने नेपाल से टमाटर का आयात शुरू किया है। इसके एक दिन बाद पड़ोसी देश की तरफ से यह मांग आई।
टमाटर की खुदरा कीमते आसमान पर
भारत में पहली बार टमाटर की खुदरा कीमते आसमान पर हैं। जिस कारण से टमाटर का आयात किया जाएगा। भारी बारिश के कारण टमाटर की आपूर्ति बाधित होने के कारण शुक्रवार को टमाटर 242 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गया। नेपाल ने एक सप्ताह पहले भारत को टमाटर का निर्यात शुरू कर दिया है। लेकिन यह बड़ी मात्रा में नहीं है। उन्होंने कहा कि टमाटर के बड़े पैमाने पर निर्यात व्यवस्था अब होनी बाकी है। कालीमाटी फल और सब्जी बाजार विकास बोर्ड के उप निदेशक बिनाया श्रेष्ठ ने कहा कि अगर भारतीय बाजार तक आसान पहुंच प्रदान होती है तो नेपाल भारत को भारी मात्रा में टमाटर निर्यात कर सकता है।
नेपाली टमाटरों के लिए भारत एक अच्छा बाजार
उन्होंने बताया, नेपाली टमाटरों के लिए भारत एक अच्छा बाजार है। उन्होंने कहा कि काठमांडू घाटी के तीन जिलों काठमांडू, ललितपुर और भक्तपुर में टमाटर प्रचुर मात्रा में उगाए जाते हैं और यह स्थानीय मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त से अधिक है। श्रेष्ठ ने स्वीकार किया कि काठमांडू में उगाए गए कुछ टमाटरों को अनौपचारिक रास्तों के माध्यम से भारतीय बाजार में निर्यात किया जा रहा है।
