Site icon Buziness Bytes Hindi

NEET PG 2022: परीक्षा टालने को लेकर जंतर-मंतर में हुआ प्रदर्शन, कड़ा रुख अपना रहे छात्र

NEET PG 2022 की तारीख को लेकर हुआ बवाल अब बढ़ता हुआ नजर आ रहा है, जहाँ छात्र इस परीक्षा की तिथि में बदलाव के लिये लगातार संघर्षरत हैं। इसी को लेकर छात्रों ने आज देश की राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर में कड़ी धूप में प्रदर्शन किया है, यह सभी छात्र सीएटी की परीक्षा देने के बाद सीधे जंतर-मंतर पहुँचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

बता दें कि NEET PG 2022 की परीक्षा आगामी 21 मई को प्रस्तावित है, जिसकी तिथि में बदलाव के लिये छात्र आंदोलनरत हैं। वहीं उम्मीदवारों ने इसके बाबत हवाला देते हुये कहा था कि कई छात्रों की NEET PG 2021 की काउंसलिंग और NEET PG 2022 की परीक्षा में टकराव हो रहा है, ऐसे में छात्रों को किसी एक का चुनाव करना पड़ रहा है। वहीं अभी हाल में ही 15000 छात्रों ने एकत्र होकर प्रधानमंत्री कार्यालय को इसके बाबत अवगत कराया है, इसके साथ ही 20 से अधिक सांसदों ने इसके बारें में अपनी सहमति देते हुये सरकार को इसकी जानकारी भी दी है।

वहीं अखिल भारतीय मेडिकल छात्र संघ ने इसी मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका भी दायर की है, जिसका फैसला अभी आना बाकी है। इसके साथ ही कई संगठन छात्रों के हित को देखते हुये केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखकर इस स्थिति से अवगत करा चुके हैं, लेकिन अभी तक इसका हल नहीं निकला है। दूसरी ओर सोशल मीडिया में भी यह मामला इन दिनों छाया हुआ है, जहाँ छात्र अपनी-अपनी परेशानियों को साझा कर रहें हैं।

Exit mobile version