Site icon Buziness Bytes Hindi

Ind Vs Ned T20 Live: कोहली और भारत का अजेय सफर जारी, नीदरलैंड को पीटा

Ind Vs Ned T20 Live:

टीम इंडिया ने टी 20 विश्व कप में अपने पहले मैच में पाक्सितान को पीटने के बाद अपनी विजय यात्रा को आगे जारी रखते हुए नीदरलैंड की टीम को 56 रनों से पराजित कर अपने अंको की संख्या को चार कर लिया। अंक तालिका में भारत अब ग्रुप 2 में सबसे ऊपर पहुँच गया है. इस मैच में भी कोहली का विराट रूप देखने को मिला, हालाँकि माना जा रहा था कि इस मैच को टीम इंडिया ज़्यादा बड़े मार्जिन से जीतकर अपने NRR को काफी बेहतर बनाएगी, फिर भी 56 रनों की जीत को भी बड़ी जीत ही कहा जायेगा लेकिन जब हम साउथ अफ्रीका की बांग्लादेश पर 104 रनों की जीत को देखते हैं तो थोड़ी छोटी लगती है.

टीम इंडिया की शुरआत खराब हुई, के एल राहुल एक खराब फैसले से सस्ते में आउट हो गए, कप्तान रोहित शर्मा भी शुरू में काफी लड़खड़ाए, उनको जीवनदान भी मिले, इसके बावजूद वो आज अर्धशतक लगाने में कामयाब हुए. यह पचासा उनका आत्मविश्वास ज़रूर बढ़ाएगा। विराट कोहली ने जो पारी मेलबोर्न में छोड़ी थी सिडनी में वहीँ से शुरू की और अभी यह जारी है क्योंकि आज भी वह नाबाद लौटे हैं. विराट ने 44 गेंदों में 62 रन की पारी खेली जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल रहे, वहीँ सूर्यकुमार का सूरज आज फिर चमका, सूर्या ने मात्र 25 गेंदों में 51 रनों की धुंआधार इनिंग खेली। सूर्या की पारी में सात तेज़ तर्रार चौके और एक छक्का शामिल था. नीदरलैंड की ओर से फ़्रेड क्लासेन और पॉल वैन मीकरेन ने एक एक विकेट हासिल किया।

नीदरलैंड की टीम के लिए 180 रनों का लक्ष्य बहुत बड़ा था, उनकी तरफ से ऐसा कभी लगा भी नहीं कि वह जीत के करीब जाना चाहते हैं. उनके बल्लेबाज़ों का यह मकसद लग रहा था कि भारत की गेंदबाज़ी के सामने पूरे 20 ओवर बल्लेबाज़ी की जाय और उस मकसद में वह कामयाब भी हुए. नीदरलैंड ने 9 विकेट खोकर 123 रन पर अपनी पारी ख़त्म की. नीदरलैंड के लिए मैक्स ओडाउड (16 ), बास डलीडे (16), कॉलिन ऐकरमैन (17), टिम प्रिंगल (20), शारिज़ अहमद नाबाद (16) और पॉल वैन मीकरेन ने नाबाद (14) दहाई तक पहुँचने में कामयाब रहे. टीम इंडिया के सभी गेंदबाज़ों ने शानदार गेंदबाज़ी की, विशेषकर भुवनेश्वर कुमार ने तीन ओवरों में सिर्फ 9 रन देकर दो विकेट हासिल किये। अर्शदीप, अक्षर और अश्विन ने भी दो दो विकेट चटकाए। भारत का अगला मैच अब 30 अक्टूबर को पर्थ में ग्रुप 2 की इस समय नंबर दो टीम साऊथ अफ्रीका के साथ होगा जो भारत को सेमीफाइनल का टिकट दिला सकता है.

Exit mobile version