Site icon Buziness Bytes Hindi

Lok Sabha Elections 2024: सुभासपा के ओमप्रकाश राजभर एनडीए में शामिल, अमित शाह tweeted

jl1603

Lok Sabha Elections 2024: सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर एनडीए में शामिल हो गए हैं। उन्होंने शनिवार को दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। आज रविवार को गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट ने कर कहा है कि मैं उनका NDA परिवार में स्वागत करता हूं। राजभर के आने से यूपी में एनडीए को मजबूती मिलेगी। लोकसभा चुनाव 2024 से पहले भारतीय जनता पार्टी ने विपक्ष को बड़ा झटका दिया है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के ओम प्रकाश राजभर एक बार फिर से एनडीए में शामिल हो गए हैं। ओम प्रकाश राजभर ने दिल्ली में शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुलाकात की।

आज रविवार सुबह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट करके इसका एलान कर दिया है। अमित शाह ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि ओम प्रकाश राजभर से दिल्ली में मुलाकात हुई है। ओम प्रकाश राजभर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाले NDA गठबंधन में शामिल होने का फैसला किया है। मैं उनका NDA परिवार में स्वागत करता हूं। राजभर के आने से यूपी में एनडीए को मजबूती मिलेगी। पीएम मोदी के नेतृत्व में एनडीए द्वारा गरीबों व वंचितों के कल्याण हेतु किए जा रहे प्रयासों को बल मिलेगा।

यूपी के राजनीतिक गलियारों में चर्चा

पिछले काफी समय से यूपी के राजनीतिक गलियारों में चर्चा थी कि ओपी राजभर भाजपा के साथ जाएंगे। ऐसे में भाजपा के साथ गठबंधन होने की अटकलों को विराम देते हुए सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कल शनिवार को दिल्ली में केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस मौके पर राजभर के पुत्र डॉ. अरविंद राजभर के अलावा केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान मौजूद रहे।
अमित शाह से पौन घंटे की मुलाकात के बाद सुभासपा का भाजपा के साथ गठबंधन होना तय हो गया है। सूत्रों का कहना है कि राजभर ने अमित शाह के सामने लोकसभा चुनाव में तीन सीटों की मांग रखी है। इनमें दो सीटें यूपी में और एक सीट बिहार की है। हालांकि बिहार में सीट देने को लेकर अभी फैसला नहीं हुआ है। लेकिन यूपी में दो सीट पर सहमति बन गई है।

यूपी में दो सीट पर सहमति

इनमें गाजीपुर और घोसी सीट शामिल हैं। राजभर ने शाह के सामने शर्त रखी है कि दोनों सीटें अपने सिंबल से ही चुनाव लड़ेंगे। सूत्रों का कहना है कि राजभर ने गाजीपुर सीट से अपने छोटे पुत्र अरुण राजभर को चुनाव लड़ाने का प्रस्ताव अमित शाह को दिया है। सूत्रों की माने तो ओमप्रकाश राजभर ने अमित शाह के सामने यह शर्त रखी है कि यदि बिहार में सीट देने की स्थिति नहीं बनती तो फिर यूपी में चंदौली या आजमगढ़ की लालगंज सीट में कोई एक सीट सुभासपा को दी जाए। यानि उन्होंने बिहार में सीट न मिलने की स्थिति में यूपी में कुल तीन सीटों की मांग रखी है। हालांकि इस पर अंतिम निर्णय नहीं हो सका है।

राजभर के कई प्रस्तावों पर अमित शाह ने मंजूरी दी

इसके अलावा राजभर ने अमित शाह के साथ उन मुद्दों पर चर्चा की है, जिनमें सामाजिक न्याय समिति की रिपोर्ट लागू करने, राजभर जाति को अनुसूचित जन जाति में शामिल करने जैसे प्रस्ताव शामिल हैं। कहा जा रहा है कि राजभर के कई प्रस्तावों पर अमित शाह ने मंजूरी दी है। इससे राजभर संतुष्ट भी हैं। यूपी की राजनीति से जुड़े एक दूसरे घटनाक्रम में सपा विधायक दारा सिंह ने भी सपा छोड़ दी है। शनिवार को उन्होंने अमित शाह से मुलाकात की। माना जा रहा है कि वह लोकसभा चुनाव में भाजपा से प्रत्याशी बन सकते हैं।

Exit mobile version