उधमपुर। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में लगातार कुछ घंटे अंतराल में दो बम धमाके हुए हैं। आठ घंटे के अंदर दूसरा कम धमाका एक बस में हुआ है। बुधवार देर रात हुए बम धमाके में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। इससे पहले उधमपुर में सैन्य चौकी के पास खड़ी बस में शक्तिशाली धमाका हुआ। धमाके से दो बसें क्षतिग्रस्त हो गईं थी। जबकि दो लोग घायल हो गए। इसके गृहमंत्री अमित शाह के घाटी में आने से पहले बड़ी आतंकी साजिश माना जा रहा है। सेना, सीआरपीएफ और पुलिस ने इलाके को चारों ओर से घेरकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि उधमपुर में पुराने हाईवे पर टीसीपी दोमेल क्षेत्र में बैगड़ा पंप पर एक बस समेत छह बसें खड़ी थीं। रोज की तरह बसंतगढ़ रूट की बस में रात 10.30 बजे जोरदार धमाका हुआ। बस और पास ही खड़ी मिनी बस का एक हिस्सा भी चकनाचूर हो गया।
बस कंडक्टर सुनील सिंह और मिनी बस कंडक्टर विजय कुमार घायल हो गए हैं। उनको अस्पताल पहुंचाया गया है। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के इलाकों में इमारतों में कंपन महसूस की गई। पुलिस, सेना और सीआरपीएफ के अफसरों ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की। पेट्रोल पंप के ठीक सामने सेना चौकी है। खुफिया एजेंसियां और पुलिस आतंकी हमले से इन्कार नहीं कर रहे हैं। अभी तक धमाके की वजह साफ नहीं हो पाई है। इससे कुछ घंटे पूर्व नियंत्रण रेखा (एलओसी) से सटे पुंछ जिले में एक महिला को चार किलो आईईडी के साथ पकड़ा है।
पूछताछ के लिए महिला जैतून अख्तर और मोहम्मद रियाज नामक शख्स को हिरासत में लिया है। पुंछ से सटे राजोरी जिले में गृहमंत्री की चार अक्तूबर को रैली होनी है। इसे लेकर दोनों जिलों में सुरक्षा अमले को हाई अलर्ट पर रखा है।
बताया जाता है कि एसओजी के खुफिया इनपुट पर महिला को बैग के साथ पकड़ा गया। आईईडी कहां से आई और कहां ले जाई जा रही थी, इसे लेकर पूछताछ जारी है। गृहमंत्री के दौरे से पूर्व शक्तिशाली विस्फोटक पकड़े जाने के पीछे बड़ी साजिश बताई जा रही है।

