नई दिल्ली। एक बार फिर से संसद का मानसून सत्र का दसवां दिन भारी हंगामे की भेंट चढ़ गया। सांसदों के हंगामे को देखते हुए दोनों सदनों को 1 अगस्त तक के लिए स्थगित कर दिया गया। विपक्ष ने आज महंगाई के मुद्दे को लेकर चर्चा की मांग की। कांग्रेस सांसद मल्लिकार्जुन खड़गे ने आज अधीर रंजन का बचाव किया। उन्होंने कहा कि अधीर रंजन ने अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगी है। लेकिन इसके बाद भी भाजपा सोनिया गांधी के खिलाफ नारे लगा रही है और माफी की मांग कर रही है। वो जानबूझकर ऐसा कर रही है। जिससे उन्हें महंगाई और महंगाई जैसे मुद्दों पर चर्चा ही नहीं करनी पड़े। कांग्रेस नेताओं ने संसद में गांधी प्रतिमा के सामने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। बता दें कि संसद में बीते दिन कांग्रेस अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के बीच नोकझोंक हुई थी। इसके चलते कांग्रेस नेताओं ने गांधी प्रतिमा के सामने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
Read also: Monkey Pox in India: भारत में मिला मंकी पॉक्स वायरस ए.2 क्लैड, चिकित्सकों ने कही ये बात
कांग्रेस सांसद अधीर रंजन ने आज फिर अपनी टिप्पणी पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि कल मुझे संसद में दर्ज शिकायतों का जवाब देने का मौका नहीं दिया गया। मैंने आज संसद में जवाब देने का मौका मांगा था। लोकसभा और राज्यसभा में सांसदों का हंगामा होता देख दोनों सदनों को एक अगस्त सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दिया। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने ट्वीट करके कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सांसद ने इसलिए ऐसा बोला क्योंकि राष्ट्रपति मुर्मू एक गरीब, आदिवासी पृष्ठभूमि से हैं। यह कांग्रेस की वंशवादी राजनीति के लिए खतरा है। कांग्रेस नेता माफी मांगने के बजाय इसका बचाव कर रहे हैं।

