नई दिल्ली। नई आबकारी नीति मामले में सीबीआई ने दिल्ली-एनसीआर सहित सात राज्यों के 21 ठिकानों पर आज एकसाथ छापेमारी की है। जिसमें दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया का घर और दिल्ली के तत्कालीन आबकारी आयुक्त अरावा गोपी कृष्ण का घर भी शामिल है। सीबीआई की इस छापेमारी की जानकारी देते हुए दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर कहा कि सीबीआई आई है। उनका स्वागत है। हम कट्टर ईमानदार हैं। आप सरकार लाखों बच्चों का भविष्य बना रही है। बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमारे देश में जो अच्छा काम करता है उसे ऐसे ही परेशान किया जाता है। इसीलिए हमारा देश अभी तक नम्बर.एक नहीं बन पाया है।
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया ने अपने एक और ट्वीट में कहा कि ये लोग दिल्ली शिक्षा और स्वास्थ्य के शानदार काम से परेशान हो गए हैं। इसीलिए दिल्ली स्वास्थ्य मंत्री और शिक्षा मंत्री को पकड़ा हुआ है जिससे शिक्षा स्वास्थ्य के अच्छे कामों को रोका जा सकें। हम दोनों के ऊपर झूँठे आरोप लगाए गए हैं। कोर्ट में सच सामने आ जाएगा। हम सीबीआई का अपने घर में स्वागत करते हैं। जाँच में पूरा सहयोग देंगे जिससे कि सच जल्द सामने आ सके। अभी तक मुझ पर कई केस किए गए। लेकिन कुछ नहीं निकला है। इसमें कुछ नहीं निकलेगा। देश में अच्छी शिक्षा के लिए मेरे काम को रोका नहीं जा सकता।
Read also: जेवर एयरपोर्ट: नोएडा में बनाया जाएगा सुपर फास्ट स्पेशल कॉरिडोर, बोर्ड बैठक में पास होगी मंजूरी
दिल्ली के मुख्य सचिव की एक रिपोर्ट के आधार पर सीबीआई जांच की सिफारिश की गई थी। यह रिपोर्ट आठ जुलाई को सीबीआई को भेजी गई थी। इस रिपोर्ट में पिछले साल लागू की एक्साइज नीति पर सवाल उठाए गए थे। रिपोर्ट में आरोप लगाए गए हैं कि नई नीति से दिल्ली एक्साइज एक्ट और दिल्ली एक्साइज रूल्स का उल्लंघन किया गया है। इसके अलावा आरोप है कि शराब बेचने वालों की लाइसेंस फीस माफ करने से सरकार को 144 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचा है और आबकारी मंत्री के तौर पर डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने इन प्रावधानों की पूरी तरह से अनदेखी की है।
आबकारी नीति के विरुद्ध जाकर शराब निर्माता कंपनी को नई दिल्ली में शराब बेचने के ठेके दिए। जबकि शराब निर्माता और सप्लायर कंपनी को शराब बेचने के ठेके नहीं दिए जा सकते। एक ठेकेदार को दुकान नहीं मिलने के बाद 30 करोड़ रुपए लौटा दिए। जबकि नियम के मुताबिक़ ये राशि सरकार के ख़ज़ाने में जानी चाहिए थी। वहीं दूसरी तरफ सीबीआई की इस छापेमारी पर मुख्यमंत्री केजरीवाल की प्रतिक्रिया सामने आई है। जिसमें उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि जिस दिन अमेरिका के सबसे बड़े समाचार पत्र में दिल्ली शिक्षा मॉडल की तारीफ़ छपी थी उसी दिन मनीष के घर केंद्र ने सीबीआई भेजी सीबीआई का स्वागत है।

