समाजवादी पार्टी के संस्थापक और संरक्षक, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का पार्थिव शरीर सैफई के नुमाइश ग्राउंड पहुँच चूका है जहाँ उन्हें श्रद्धांजलि देने वालों का ताँता लगा हुआ है, अंतिम दर्शन का यह कार्यक्रम दोपहर दो बजे तक चलेगा, इसके बाद तीन बजे पूरे राजकीय सम्मान के साथ सैफई के शमशान घाट में उनका दाह संस्कार किया जायेगा। सैफई में कल से ही भारी भीड़ है, अपने चहेते नेताजी के अंतिम दर्शन के लिए सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में होड़ मची हुई है, सभी करीब से एक नेता जी की अंतिम झलक देखना चाहते हैं. बता दें कि मुलायम सिंह के निधन पर यूपी सरकार ने तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है.
जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अंतिम दर्शन करने फिर सैफई जायेंगे. इसके अलावा रक्षा मंत्री भी सैफई पहुंचने वाले हैं , वहीँ कांग्रेस के प्रतिनिधि के रूप में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ मुलायम सिंह के अंतिम दर्शन करने पहुँच रहे हैं, राजद की ओर से तेजप्रताप सिंह को लालू यादव ने कल ही सैफई भेज दिया है. जानकारी के मुताबिक देश के 6 राज्यों के मुख्यमंत्री सैफई पहुंचकर नेता जी को अंतिम विदाई देंगे। इनमें तेलंगाना के मुख्यमंत्री KCR, राजस्थान के अशोक गेहलोत, पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी, झारखण्ड के हेमंत सोरेन के नाम भी शामिल हैं. वहीँ मुलायम सिंह के बेहद करीबी आज़म खान जब नेता जी के पार्थिव शरीर के पास पहुंचे तो लड़खड़ा गए, उन्हें अखिलेश यादव ने सहारा दिया.
इनके अलावा शरद पवार अपनी बेटी सुप्रिया फुले के साथ पहुँच सकते हैं , लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के पहुँचने की खबर है, तेजस्वी यादव भी पहुँचने वाले हैं. पहले यह खबर थी कि राहुल गाँधी भी यात्रा बीच में छोड़ सैफई पहुंचेंगे, मगर इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है. इससे पहले प्रधान मंत्री मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी ने मुलायम सिंह के निधन पर शोक जताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि नेता जी का आशीर्वाद और सलाह उनके लिए अमानत है.

