लखनऊ: समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने सोमवार को कोरोना वैक्सीन लगवा ली. इस खबर पर तस्वीर शेयर कर यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने अखिलेश यादव से माफ़ी मांगने की मांग की है. केशव प्रसाद मौर्य ने लिखा है कि सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का स्वदेशी वैक्सीन लगवाने के लिए धन्यवाद.आपका वैक्सीन लगवाना इस बात का प्रमाण है कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने वैक्सीन को लेकर अफवाह फैलाई थी. इसके लिए अखिलेश को माफी मांगनी चाहिए.
गौरतलब कि अखिलेश यादव ने कहा था कि वह बीजेपी की वैक्सीन नहीं लगवाएंगे. जब अपनी सरकार आएगी तो सबको फ्री में वैक्सीन लगेगी. अखिलेश के इस बयान पर काफी सियासत भी हुई थी. बीजेपी ने इस पर कहा था कि ये देश के वैज्ञानिकों का अपमान है. इसके बाद अखिलेश यादव ने इस पर सफाई भी दी थी कि उनका बयान वैक्सीन बनाने वाले वैज्ञानिकों के खिलाफ नहीं बल्कि बीजेपी की नीयत के खिलाफ है.

