हैदराबाद में एक सड़क हादसे में 26 साल की भारती मुखी की मौत हो गई। 16 अगस्त को माधापुर इलाके में सड़क पार करते समय उन्हें एक एस्टन मार्टिन कार ने टक्कर मार दी थी। भारती हैदराबाद के इनऑर्बिट मॉल में लाइफस्टाइल कपड़ों के स्टोर में काम करती थीं।
साइबराबाद पुलिस ने राज्यसभा सांसद लिंगमनेनी रमेश के 21 वर्षीय बेटे लिंगमनेनी संजूश की पहचान हादसे के समय कार चला रहे व्यक्ति के रूप में की है। पुलिस ने संजूश को BNSS की धारा 35(3) के तहत नोटिस दिया है। उन्हें स्टेशन से ही जमानत दी गई है।
क्यों नहीं हुई गिरफ्तारी?
असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस सीएच श्रीधर के मुताबिक, इस मामले में गिरफ्तारी नहीं की गई क्योंकि जिस अपराध के तहत केस दर्ज किया गया है, वह जमानती है और इसमें अधिकतम सजा सात साल से कम है।
मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत दर्ज किया गया है। यह धारा लापरवाही या जल्दबाजी में किए गए ऐसे काम से मौत होने से जुड़ी है, जो गैर-इरादतन हत्या की श्रेणी में नहीं आता।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, हादसे वाले दिन ही आरोपी को हिरासत में लेकर उसका ब्रेथलाइजर और ड्रग टेस्ट किया गया था। दोनों टेस्ट के नतीजे नेगेटिव आए। इसके अलावा एक और सैंपल लेकर जांच के लिए FSL भेजा गया है।
परिवार का सहारा थीं भारती
भारती की मौत से उनका परिवार सदमे में है। उनकी मां आनंदिनी मुखी ने बताया कि उन्होंने काफी मुश्किलों से बेटी की पढ़ाई कराई थी। भारती ने डिप्लोमा किया था और B.Tech में भी एडमिशन लिया, लेकिन कोविड लॉकडाउन के कारण पढ़ाई जारी नहीं रख सकीं।
इसके बाद भारती को नौकरी मिली और वह पिछले चार-पांच साल से हैदराबाद में काम कर रही थीं। उनकी मां के मुताबिक, भारती घर पैसे भी भेजती थीं और परिवार उन पर निर्भर था।
आनंदिनी मुखी ने बताया कि हादसे के समय उनकी बेटी काम पर थी और लंच के लिए बाहर निकली थी। सड़क पर एक कार ने उसे टक्कर मार दी। बाद में उन्हें फोन पर बेटी के एक्सीडेंट की जानकारी मिली।
सांसद ने कहा- बेटे ने पहुंचाया अस्पताल
राज्यसभा सांसद लिंगमनेनी रमेश ने माना कि हादसे के समय उनके बेटे संजूश ही एस्टन मार्टिन कार चला रहे थे। उन्होंने घटना को दुखद बताते हुए कहा कि हादसे के तुरंत बाद उनके बेटे ने भारती को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सांसद ने कहा कि उनका बेटा जांच में पूरा सहयोग कर रहा है। उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद देने की बात भी कही है।
लिंगमनेनी रमेश ने लोगों से अपील की कि पुलिस जांच पूरी होने से पहले मामले को लेकर कोई अंदाजा न लगाया जाए और न ही पहले से कोई राय बनाई जाए।
