Site icon Buziness Bytes Hindi

पर्वतारोही भावना डेहरिया, बेटी सिद्धि मिश्रा बनीं “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान की ब्रांड एंबेसडर

beti bachao

छिंदवाड़ा: माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराने वाली पर्वतारोही भावना डेहरिया मिश्रा और उनकी बेटी सिद्धि मिश्रा को महिला एवं बाल विकास विभाग की “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया। छिंदवाड़ा के पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस पीजी कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम में इसकी घोषणा की गयी. बता दें कि 7 अप्रैल 2021 को जन्मी सिद्धि मिश्रा, अपनी माँ के साथ मात्र दो साल की उम्र में एवरेस्ट बेस कैंप तक पहुँचने वाली दुनिया की सबसे कम उम्र की बालिका और भारत की सबसे कम उम्र की व्यक्ति हैं। यह कैंप समुद्र तल से 5,364 मीटर की ऊँचाई पर स्थित है। इस दौरान वहां से इन मां बेटी ने महिला एवं बाल विकास के “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान का संदेश विश्व भर में दिया था।

छिंदवाड़ा सांसद विवेक बंटी साहू ने इस घोषणा इस पर खुशी जताते हुए कहा, “भावना और सिद्धि की उपलब्धियाँ इस बात का प्रमाण हैं कि जब हमारी बेटियों को सही अवसर मिलते हैं, तो वे क्या कुछ हासिल कर सकती हैं। उनके ब्रांड एंबेसडर बनने से पूरे देश में लड़कियों की शिक्षा और लैंगिक समानता का संदेश फैलाने में मदद मिलेगी।”

कार्यक्रम में छिंदवाड़ा सांसद विवेक बंटी साहू के अतिरिक्त छिंदवाड़ा कलेक्टर शीलेंद्र सिंह, महापौर विक्रम अहाके, भाजपा छिंदवाड़ा जिला अध्यक्ष शेषराव यादव, नगर निगम कमिश्नर चंद्र प्रकाश राय, एडीएम खेमचंद्र बोपचे, एसडीएम सुधीर जैन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास डॉ. मोनिका बिसेन शामिल हुए।

इस मौके पर छिंदवाड़ा कलेक्टर शीलेंद्र सिंह ने कहा कि भावना डेहरिया और सिद्धि मिश्रा इस बात का जीवंत उदाहरण हैं कि कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प से क्या हासिल किया जा सकता है। उनके ब्रांड एंबेसडर बनने से निश्चित रूप से और अधिक परिवार अपनी बेटियों के सपनों को समर्थन और पोषण देने के लिए प्रेरित होंगे। वहीँ महापौर विक्रम अहाके ने इसे छिंदवाड़ा के लिए गर्व की बात बताया और कहा कि हमारे जिले की ऐसी अद्वितीय महिलाएँ ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। भावना और सिद्धि की उपलब्धियाँ नई पीढ़ी को ऊँचा लक्ष्य रखने और सामाजिक मानदंडों को चुनौती देने के लिए प्रेरित करेंगी।”

पर्वतारोही माँ और बेटी के ब्रांड एमबैसडर बनने पर जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग डॉ. मोनिका बिसेन ने खुशी का इज़हार करते हुए कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के ब्रांड एंबेसडर के रूप में इनका चयन, दृढ़ संकल्प और उपलब्धि की भावना का प्रतीक है। उनकी प्रेरणादायक यात्रा अनगिनत लड़कियों और महिलाओं को अपने सपनों को पूरा करने और बाधाओं को तोड़ने के लिए प्रेरित करेगी।

Exit mobile version