Site icon Buziness Bytes Hindi

गमजदा मां को आया सपना, मिला लापता बेटे का शव


गमजदा मां को आया सपना, मिला लापता बेटे का शव

मेरठ। सपने सच होते हैं यह तो हम सभी ने सुना और कभी न कभी महसूस भी किया होगा। लेकिन बेटे के लापता होने से गमजदा एक मां को सपने में बेटे की हत्या और मिट्टी में दबा शव दिखाई दिया तो परिजनों ने गांव में ही तलाश शुरू कर दी। गांव के खेत में ही युवक का शव मिला तो उसकी हत्या होने का पता चल पाया। मां के सपने के बाद युवक का शव मिलने को लेकर हैरान लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।

उत्तर प्रदेश के जिला मेरठ में खरखौदा थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव निवासी बक्शी का पुत्र यामीन उर्फ आमीन (22 वर्ष) दिल्ली में पशुओं का व्यापार करता था। अपने गांव आया यासीन 13 मार्च की शाम को थोड़ी देर में वापस लौटने की बात कह घर से निकला था।यामीन उर्फ आमीन के घर न लौटने से चिंतित परिजनों ने उसकी हर जगह तलाश की मगर उसका कुछ पता नहीं चला। थक-हार कर परिवारजनों ने थाने में यामीन की गुमशुदगी दर्ज कराई तो पुलिस ने भी उसको ढूंढना शुरू कर दिया।

बेटे के लापता होने से हलकान यामीन की मां भुरा को गुरुवार रात सपने में गांव के आसपास मिट्टी में दबा हुआ यामीन दिखाई दिया। उसके परिवार वालों को इस सपने के बारे में बताया तो उन्हें मां की बातों पर यकीन नहीं हुआ। मगर परेशान मां की जिद पर उन्होंने गांव में तलाश शुरू की तो एक खेत की मिट्टी में दबा यामीन का शव मिल गया।

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने यामीन का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। घटनास्थल को देखकर प्रतीत हो रहा था कि हत्या के बाद यामीन के शव को भी कूड़े के साथ रखकर जलाने का प्रयास किया गया है। लेकिन जब यामीन का शव जल न सका तो उसे मिट्टी के नीचे भी दबाने का प्रयास किया गया। मृतक के पिता बक्शी ने डासना निवासी चार लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए हुए हत्या का मामला दर्ज कराया है। सीओ किठौर ब्रजेश सिंह का कहना है कि मृतक यामीन की मां ने बताया है कि उसे सपना आया था। इस मामले में सभी बिंदुओं के आधार पर जांच की जा रही है। वहीं मां को आये सपने को लेकर ग्रामीणों में हैरत का माहौल है।

Exit mobile version