मेरठ। मेरठ में पिछले तीन दिन से मौसम में काफी बदलाव है। मेरठ ही नहीं आसपास के जिलों और एनसीआर में भी बारिश के चलते तापमान काफी नीचे आ गया है। गत शुक्रवार से मौसम ने करवट बदली तो प्रदेश के पश्चिमी उप्र के जिलों में आंधी और बारिश से तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है। पश्चिमी उप्र में इस बारिश ने पिछले कई साल का रिकार्ड तोड़ दिया है। हालांकि इस बारिश को प्री मानसून बारिश नहीं माना जा सकता है। ये बारिश एक हल्के पश्चिमी विक्षोभ के चलते हुई है। इस बारिश ने मानसून की रफ्तार को कम किया है। अब मौसम विभाग के अनुसार मेरठ और पश्चिमी उप्र में मानसून 20 से 25 जून के बीच दस्तक देगा। पिछले 24 घंटे की तुलना में अधिकतम तापमान आठ डिग्री गिरा है। प्रदेश के अन्य जिलों की अपेक्षा मेरठ, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर का तापमान इस समय सबसे कम है। मेरठ और देहरादून के तापमान में मामूली 0.5 डिग्री का अंतर है। शनिवार को अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री रहा। यह सामान्य से सात डिग्री कम है।
Read also: Chardham Weather Update: चारधाम में बर्फबार से बढ़ी ठंड, कई जिलों में रात से मुसलाधार बारिश
बता दें कि गत गुरुवार को वेस्ट के सहारनपुर और बिजनौर में बारिश हुई थी। जिसके बाद देर रात मेरठ और एनसीआर के जिलों में झमाझम बारिश शुरू हो गई थी। मेरठ और बागपत में गुरुवार देर रात से हुई बारिश से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली थी। इसके बाद शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 34 डिग्री रिकार्ड किया गया। बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की समस्या से परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग की माने तो आने वाले चार दिन गर्मी से राहत के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने आज रविवार को भी बारिश और आंधी की संभावना जताई है। मेरठ में शनिवा को अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री रिकार्ड किया गया। जो कि सामान्य से 6 डिग्री कम बताया जा रहा है। वहीं न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री दर्ज किया गया। यह भी सामान्य से 5 डिग्री कम रहा। मेरठ में शनिवार को सुबह 2.5 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। आज अधिकतम तापमान 32-33 तक पहुंचने की संभावना है। जबकि न्यूनतम तापमान 19-20 डिग्री के बीच रहेगा। आज भी आसमान में हल्के बादलों के रहने की संभावना है। वहीं बारिश के साथ ही गरज और आँधी की संभावना बनी हुई है।
