Site icon Buziness Bytes Hindi

मानसून सत्र शुरू, पीएम बोले- सदन एक संकल्प से जवानों के साथ खड़ा है


मानसून सत्र शुरू, पीएम बोले- सदन एक संकल्प से जवानों के साथ खड़ा है

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यानी सोमवार को संसद सत्र के शुरू होने से पहले कहा कि पूरा सदन देश के वीर जवानों के साथ खड़ा है और सदन भी एक स्वर, एक भाव और भावना के साथ हमारे जवानों के लिए डटा हुआ है।

सदन की विशेष जिम्मेवारी
पीएम मोदी ने कहा, ‘इस सदन की विशेष जिम्मेवारी है, आज जब हमारी सेना के वीर जवान सीमा पर डटे हुए और बड़ी हिम्मत के साथ, जज्बे के साथ, बुलंद हौसले के साथ, दुर्गम पहाड़ियों में खड़े हैं। कुछ समय बाद वर्फबारी और बारिश शुरू हो जाएगी। दुर्गम इलाकों में तैनात हमारी सेना के साथ पूरा सदन खड़ा है।’ पीएम ने कहा, ‘हमारे जवान सीमा पर दुर्गम इलाके में बुलंदियों के साथ डटे हुए हैं। ये सदन भी एक स्वर, एक भाव, एक भावना, एक संकल्प से वो संदेश देंगे कि सदन के साथ पूरा देश जवानों के साथ खड़ा है।

मुश्किल समय में सत्र
पीएम मोदी ने कहा कि कोरोना महामारी जैसे मुश्किल समय में संसद का सत्र आहूत किया गया है। सांसदों ने अपना कर्तव्य निभाने का काम चुना है। मैं उन्हें बधाई देता हूं। इस बार राज्यसभा और लोकसभा की कार्यवाही अलग-अलग समय पर होंगी। शनिवार और रविवार को भी संसद की कार्यवाही होगी। सभी सांसदों ने भी इसे स्वीकारा है।

नियमों में बदलाव
इससे पहले नियमों में बदलाव के साथ आज संसद का मानसून सत्र शुरू हुआ| सत्र में इस बार प्रशनकाल नहीं होगा| कोरोना संक्रमण के चलते इस बार आधा दिन लोकसभा और आधा दिन राज्यसभा की कार्यवाही होगी। लोकसभा की कार्यवाही आज सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक जबकि राज्यसभा की दोपहर 3 से शाम 7 बजे तक चलेगी जबकि बाकी दिनों में राज्यसभा की कार्यवाही सुबह की पाली में सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक संचालित होगी, वहीं लोकसभा दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक बैठेगी।

लगातार 18 दिन चलेगा सत्र
बता दें कि इन 18 दिनों में रोज संसद की कार्यवाही होगी। शनिवार और रविवार को भी छुटी नहीं रहेगी, क्योंकि दोनों सदनों (लोकसभा और राज्यसभा) की कार्यवाही की समय सीमा कम कर दी गई है।

Exit mobile version