गया: बिहार विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदरदास मोदी आज अपने तूफानी दौरे पर हैं| सासाराम में विपक्ष पर आर्टिकल 370 वापस लागू करने की कोशिशों का आरोप लगाने के बार गया में राजद की लालटेन को पुराने ज़माने की बात बताया|
बिहार पर लोकतंत्र को मज़बूत रखने की ज़िम्मेदारी
गया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी दूसरी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कोरोना महामारी के बीच ये दुनिया का पहला बड़ा चुनाव है, जहां इतनी बड़ी संख्या में मतदान होने वाला है। नज़र इस बात पर है कि खुद को सुरक्षित रखते हुए, बिहार लोकतंत्र को मजबूत कैसे करता है।
लालटेन पुराने ज़माने की बात
पीएम मोदी ने कहा कि आज आप एक नए बिहार को बनते देख रहे हैं। आज के बिहार में लालटेन की जरूरत खत्म हो गई है। आज बिहार के हर गरीब के घर में बिजली का कनेक्शन है, उजाला है। उन्होंने कहा कि आज बिहार में इंजीनियरिंग कॉलेज, मेडिकल कॉलेज, आईआईटी, आईआईएम जैसे संस्थान खोले जा रहे हैं। यहां बोधगया में भी तो आईआईएम खुला है जिस पर करीब-करीब एक हज़ार करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। वरना बिहार ने वो समय भी देखा है, जब यहां के बच्चे छोटे-छोटे स्कूलों के लिए तरस जाते थे।
महागठबंधन को बताया पिटारा
मोदी ने कहा कि एनडीए के विरोध में इन लोगों ने मिलकर जो ‘पिटारा’ बनाया है, जिसे ये लोग महागठबंधन कहते हैं, उसकी रग-रग से बिहार के लोग वाकिफ हैं। वो लोग जो नक्सलियों को, हिंसक गतिविधियों को खुली छूट देते रहें, आज वो एनडीए के विरोध में खड़े हैं।

