अंग्रेज़ों की तरह सरकार चला रहे हैं मोदी: राहुल

फीचर्डअंग्रेज़ों की तरह सरकार चला रहे हैं मोदी: राहुल

Date:


अंग्रेज़ों की तरह सरकार चला रहे हैं मोदी: राहुल

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री मोदी और उनकी सरकार खेती के पूरे ढांचे को अपने चार पांच मित्रों के हाथों में सौंप देना चाहते हैं। देश के हवाईअड्डे, ऊर्जा, दूरसंचार, रिटेल जैसे क्षेत्रों को अपने मित्रों को सौंपने के बाद मोदी की कोशिश कृषि क्षेत्र को भी इन्हीं के हवाले करने की है। यह आरोप लगाते हुए राहुल गांधी ने आज प्रधानमंत्री मोदी पर सीधा हमला बोला।

जारी की बुकलेट
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में किसानों के मुद्दों पर बुकलेट जारी करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी एक-एक चरण के हिसाब से किसानों को खत्म करने में लगे हैं। ये सिर्फ तीन कानून पर नहीं रुकेंगे और किसानों को खत्म करना चाहते हैं. ताकि देश की पूरी खेती अपने तीन-चार दोस्तों को दे सकें।

देश की सभी संस्थाओं पर शिकंजा
राहुल गांधी के मुताबिक देश की सभी संस्थाओं पर पीएम मोदी ने शिकंजा कसा हुआ है, चाहे वे सर्वोच्च न्यायलय हो, मीडिया हो, संसद हो या फिर कोई दूसरी संस्था। विपक्ष को संघर्ष करने के लिए इन संस्थाओं का सहयोग चाहिए होता है लेकिन देश में डर का माहौल है। अँग्रेज़ शासकों की तर्ज पर मोदी सरकार चला रहे हैं, जो भी सरकार के खिलाफ बोलता है उसे राष्ट्र विरोधी अथवा अपराधी घोषित कर दिया जाता है। जब तक तीनों क़ानून समाप्त नहीं होते तब तक यह संघर्ष रुकने वाला नहीं।

नहीं डरता मोदी या भाजपा से
राहुल गांधी ने कहा कि पूरा देश खिलाफ हो जाए, मैं फिर भी सही के लिए लड़ता रहूंगा। मैं नरेंद्र मोदी या बीजेपी से नहीं डरता हूं। मैं एक साफ इंसान हूं। मुझे यह छू नहीं सकते। बात को समझिए, हां गोली से मार सकते वो अलग बात है। मगर छू नहीं सकते। उन्होंने कहा कि भले ही पूरा देश दूसरी तरफ खड़ा हो जाए लेकिन मैं अकेला खड़ा रहूंगा। मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। राहुल गांधी ने कहा कि ये लोग किसानों को थकाना चाहते हैं, लेकिन उन्हें बेवकूफ नहीं बनाया जा सकता है।

यह सिर्फ किसानों पर हमला नहीं
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘ये कानून सिर्फ किसानों पर हमला नहीं हैं, बल्कि मध्यम वर्ग और युवाओं पर हमला हैं। युवाओं से कहना चाहता हूं कि आपकी आजादी छीनी जा रही है।” कांग्रेस नेता के मुताबिक, ‘‘पंजाब और हरियाणा के किसान इस देश के रक्षक हैं। वे कृषि क्षेत्र को कुछ लोगों के हाथ में जाने से रोकने के लिए लड़ रहे हैं। सभी को इनका साथ देना चाहिए। ” उन्होंने कहा, ‘‘सरकार को लगता है कि किसानों को थकाया जा सकता है और उनको बेवकूफ बनाया जा सकता है। किसान प्रधानमंत्री से ज्यादा होशियार हैं। समाधान एक ही होगा कि तीनों कानूनों को वापस लेना होगा।”

किसान जानते हैं कौन किसके साथ खड़ा है
राहुल गांधी ने कहा कि किसान जानते हैं कि भट्टा परसौल में जेपी नड्डा नहीं खड़े थे। भूमि अधिग्रहण कानून के समय भी नड्डा नहीं खड़े थे, मोदी जी नहीं खड़े। राहुल ने कहा कि जब किसान की जमीन का मामला आता है वहां पर कांग्रेस खड़ी होती है। जब किसानों का कर्जा माफ करने की बात आई थी वहां कांग्रेस खड़ी थी।

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related