Site icon Buziness Bytes Hindi

अगस्त तक गिर जाएगी मोदी सरकार, लालू यादव का बड़ा दावा

lalu

राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव ने पार्टी के स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बड़ा दावा किया है. लालू ने कहा कि दिल्ली में मोदी सरकार अगस्त तक गिर सकती है. लालू ने कहा, मैं पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं से कहता हूं कि चुनाव के लिए तैयार रहें क्योंकि चुनाव कभी भी हो सकते हैं.

पार्टी के स्थापना दिवस समारोह में तेजस्वी यादव ने भाजपा और नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए कहा कि जदयू ने सत्ता के लिए अपनी विचारधारा से समझौता कर लिया. आरजेडी एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसने न तो समझौता किया और न ही बीजेपी के सामने झुकी. राजद नेता ने कहा कि सत्ता में रहना ही सबसे बड़ी बात नहीं है. हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में हमारा वोट शेयर 9 फीसदी बढ़ा है, जबकि एनडीए का वोट शेयर 6 फीसदी घटा है. तेजस्वी ने कहा कि राजद ने 4 सीटें जीती हैं, लेकिन हमारे गठबंधन ने इस चुनाव में 9 सीटें जीती हैं.

नीतीश सरकार पर हमला बोलते हुए तेजस्वी ने कहा कि लोग कहते हैं कि यह डबल इंजन की सरकार है. करीब 20 दिनों में एक दर्जन से ज्यादा पुल ढह गए हैं. कई रेल दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। पेपर लीक हो रहे हैं। इतना कुछ होने के बावजूद डबल इंजन सरकार के लोग इस पर बोलने को तैयार नहीं हैं। आरजेडी नेता ने कहा, ये लोग बोलते हैं तो कहते हैं कि सब तेजस्वी ने किया है। मैं मुख्यमंत्री और बीजेपी नेताओं को चुनौती देता हूं कि जितने भी पुल ध्वस्त हुए हैं, उनकी स्वीकृति, टेंडर, शिलान्यास, उद्घाटन की तिथि जारी कर दें, सब सामने आ जाएगा।

Exit mobile version