बाजार:- केंद्र की मोदी सरकार ने अपनी लोकप्रिय योजना प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई) और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई) का प्रीमियम बढ़ा दिया। केंद्र का यह निर्णय सात वर्ष के बाद लिया गया है। प्रीमियम बढ़ाने की घोषणा करते हुए सरकार ने कहा की भारत को पूरी तरह से बीमाकृत समाज बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच के मद्देनजर अगले पांच वर्षों में पीएमजेजेबीवाई के तहत दायरे को 6.4 करोड़ से बढ़ाकर 15 करोड़ और पीएमएसबीवाई के तहत कवरेज को 22 करोड़ से बढ़ाकर 37 करोड़ करने का लक्ष्य कर दिया गया है।
सरकार ने पीएमजेजेबीवाई की प्रीमियम दर को बढ़ाकर 1.25 रुपये प्रतिदिन कर दिया गया है। दर की बढ़ोत्तरी के बाद यह सालाना 330 रुपये से बढ़कर 436 रुपये हो गई है। वही अगर हम पीएमएसबीवाई के लिए वार्षिक प्रीमियम की बात करें तो इसे सरकार ने बढाकर 12 रुपये से 20 रुपये कर दिया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सरकार द्वारा बढ़ाई गई नयी प्रीमियम दरें एक जून 2022 से प्रभावी होंगी। इन नई दरों के साथ पीएमजेजेबीवाई की प्रीमियम 32 प्रतिशत और पीएमएसबीवाई की प्रीमियम 67 प्रतिशत बढ़ा है। इस योजना के तहत किए गए दावों के आधार पर यह फैसला लिया गया।
अगर हम इसके ग्राहकों की बात करें तो 31 मार्च 2022 तक पीएमजेजेबीवाई और पीएमएसबीवाई के ग्राहकों की संख्या क्रमशः 6.4 करोड़ और 22 करोड़ थी। पीएमएसबीवाई की शुरुआत से 31 मार्च 2022 तक प्रीमियम के तौर पर 1,134 करोड़ रुपये की राशि एकत्र की गई और 2,513 करोड़ रुपये के दावों का भुगतान किया गया है। इसके अलावा पीएमजेजेबीवाई के तहत प्रीमियम के रूप में 9,737 करोड़ रुपये की राशि जमा की गई और 14,144 करोड़ रुपये के दावों का भुगतान किया गया।
बता दें पहले सरकार पीएमजेजेबीवाई बैंक या डाकघर में खाता रखने वाले 18-50 वर्ष आयु वर्ग के लोगों को किसी भी कारण से मृत्यु होने पर दो लाख रुपये का जीवन बीमा देती है । वही पीएमएसबीवाई 18-70 वर्ष आयु वर्ग के लोगों को दुर्घटना में मृत्यु या पूर्ण स्थाई विकलांगता के लिए दो लाख रुपये और आंशिक स्थाई विकलांगता के लिए एक लाख रुपये का बीमा कवर देती है।

