वैसे तो मिथुन चक्रवर्ती भाजपा नेता से पहले एक फिल्म स्टार हैं, उन्हें बी टाऊन का स्टार कहा जाता रहा है जहाँ फिल्मों के सस्ते डायलॉग्स पर दर्शक खूब ताली बजाते है, एक एक्टर होने के नाते डायलॉग मारना उनका बांये हाथ का खेल है. पश्चिम बंगाल मे पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के मंच दीदी को चैलेन्ज देते हुए कहा था की वो कोबरा सांप है जो डस ले तो मरने वाला पानी भी नहीं मांग पाता, ये अलग बात रही कि चुनाव नतीजों के बाद पता चला कि कोबरा के दांतों में ज़हर ही नहीं था. बहरहाल भाजपा नेता मिथुन ने एकबार बड़ा डायलॉग मारते हुए दावा किया है कि तृणमूल कांग्रेस के 21 विधायक उनके संपर्क में हैं.
दरअसल शनिवार को मिथुन चक्रवर्ती हेस्टिंग्स स्थित पार्टी कार्यालय में सांगठनिक बैठक को सम्बोधित कर रहे थे. मिथुन चक्रवर्ती ने इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं को कहा कि निराश होने की ज़रुरत नहीं क्योंकि टीएमसी के 21 विधायक उनके संपर्क में हैं. मिथुन के इस दावे से बंगाल की सियासत में खुसपुसाहट शुरू हो गयी है, क्योंकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पहले ही बंगाल में ऑपरेशन लोटस चलाने का भाजपा पर आरोप लगा चुकी हैं. वैसे फिल्म एक्टर ने इसबार के दावे में 17 विधायकों की कमी की है क्योंकि पिछली बार उन्होंने 38 विधायकों के संपर्क में होने की बात कही थी.
मिथुन ने अपने आपको ऐसा बॉक्सर बताया जो नौ बार रिंग बाहर गया मगर जब उसने अपना आखरी मुक्का मारा तो फिर कोई उठ नहीं सका. बता दें कि पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिथुन से बड़ी उम्मीदें थीं बल्कि उन्हें एक तरह से सीएम कैंडिडेट के रूप में भी प्रोजेक्ट किया जा रहा था. उन्हें तृणमूल से तोड़कर भाजपा में लाया गया था और प्रधानमंत्री खुद अपने हाथों उनकी भाजपा में इंट्री कराई थी मगर मिथुन की सारी बातें, सारी चलें फ़िल्मी ही साबित हुईं , बंगाल की जनता पर उनकी डायलॉगबाज़ी का कोई असर नहीं पड़ा और भाजपा को बहुत बुरी हार का सामना करना पड़ा.
