सहारनपुर। पूर्व बसपा एमएलसी और खनन माफिया हाजी इकबाल उर्फ बाल्ला के बेटे आलीशान को सहारनपुर पुलिस की स्पेशल टीम ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार करने के बाद पुलिस टीम आलीशान को लेकर बेहट थाने पहुंची, जहां से उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। दरअसल हाजी इकबाल समेत उसके बेटों और एक मुनीम के खिलाफ मिर्जापुर थाना पुलिस ने गैंगस्टर के तहत मुकदमा दर्ज किया था। इस मुकदमे की जांच बेहट थाना पुलिस कर रही है। इसी मुकदमे की जांच के दौरान पता चला था कि इस गैंग ने लोगों को डरा धमका कर और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर करोड़ों की अकूत संपत्ति बना ली है। पिछले दिनों गैंगस्टर के इसी मुकदमे में।पुलिस ने हाजी इकबाल की करीब 21 करोड रुपए कीमत की संपत्ति को कुर्क किया था। अब उसके बेटे आलीशान को गिरफ्तार किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने बताया कि आलीशान से पूछताछ की जा रही है। इस गैंग की और भी बेनामी संपत्तियां हैं उन सभी को कुर्क किया जाएगा फिलहाल उसको न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है जहां से उसे रिमांड पर लेकर एक बार फिर से उससे गहनता से पूछताछ की जाएगी। हाजी इकबाल और इस गैंग के अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है जल्द उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पूर्व बसपा एमएलसी और खनन माफिया रहे हाजी इक़बाल पर उन्हीं के पार्टनर अमित जैन उर्फ दादू ने धोखाधड़ी करने के आरोप लगाए हैं।
Also read: मुस्लिम पक्ष को सुप्रीम कोर्ट से भी नहीं मिली राहत, सर्वे कल से
अमित जैन का आरोप है कि हाजी इकबाल ने उनके फर्जी हस्ताक्षर कराए और फर्जी हस्ताक्षर के आधार पर उनके भाई एमएलसी महमूद और जगजीत सिंह समेत नसीम ने अलग-अलग कंपनियां बनाई और धोखाधड़ी करके दस्तावेज तैयार किए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने मुकदमें की इस कार्रवाई की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि हाजी इकबाल के पार्टनर की तहरीर के आधार पर ही उनके खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज किया है जिसकी जांच शुरू हो गई है।
बढ़ती जा रही है खनन माफिया की मुश्किलें
खनन माफिया रहे हाजी इकबाल की मुश्किलें अब लगातार बढ़ती जा रही हैं। पुलिस हाजी इकबाल के खिलाफ एक के बाद एक सीरियल कार्यवाही कर रही है। हाल ही में हाजी इकबाल की 600 बीघा जमीन को कुर्क किया गया था, जिसकी कीमत करीब 21 करोड़ रुपये थी। यह उत्तर प्रदेश की अब तक की गैंगस्टर कार्रवाई के तहत सबसे बड़ी कार्रवाई थी, जिसमें इतनी बड़ी संपत्ति को कुर्क किया गया था। अब उसके बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है और पार्टनर की तहरीर के आधार पर एक और मुकदमा हाजी इकबाल के खिलाफ दर्ज हुआ है। एक के बाद एक सीरियल कार्रवाई अब पुलिस हाजी इकबाल के खिलाफ करती जा रही है जिससे उसकी मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।
