- 12 और 14 अप्रैल को होगा कुंभ मेले का शाही स्नान
- शाही स्नान सम्पन्न कराना पुलिस-प्रशासन के लिये बड़ी चुनौती
हरिद्वार। तीर्थनगरी हरिद्वार में चल रहे कुंभ मेले में 12 अप्रैल को सोमवती अमावस्या, 13 को नवसम्वत्सर और 14 को सबसे मुख्य बैसाखी के शाही स्नान को सकुशल सम्पन्न कराना पुलिस-प्रशासन के लिये बड़ी चुनौती है। इन स्नानों पर लाखों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावनाएं जतायीं जा रही हैं। ऐसे में लोगों को नियंत्रित करना और कोविड गाइडलाइन का पालन कराना बेहद चुनौतीपूर्ण हैै। 12 और 14 अप्रैल को होने वाले कुंभ के शाही स्नान को लेकर पुलिसकर्मियों ने अपनी जिम्मेदारी संभाल ली है। वहीं कुंभ मेला में आने वाले वाहनों को नियंत्रित करने के लिये भी प्लान तैयार कर लिया गया है।
12 और 14 अप्रैल को होने वाले कुंभ के शाही स्नान के दौरान हरकी पैड़ी अखाड़ों के लिए आरक्षित रहेगी। वहां आम श्रद्धालुओं का प्रवेश वर्जित रहेगा। गंगा स्नान के लिये श्रद्धालुओं को अन्य घाटों की ओर भेजा जायेगा। गुरुवार मध्यरात्रि से भारी वाहनों की शहर में एंट्री बंद कर दी गई है। वहीं शहर में भीड़ बढ़ने पर छोटे और हल्के वाहनों को भी आने से रोका जाएगा। शहर में किसी भी तरह के वाहनों को नहीं आने दिया जाएगा और रोडवेज की बसों को भी शहर से बाहर निर्धारित पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। इन पार्किंगों से शहर तक यात्रियों को लाने के लिए यात्री सिटी बसों को चलाया जाएगा।
सरकार कुंभ मेले को सुरक्षित संचालित करने के लिए दृढ़ संकल्पितः सीएम
हरिद्वार। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) में शुक्रवार को आपदा राहत दल, 40वीं वाहिनी पीएसी के आदर्श बैरक, कुंभ मेला-2021 के अंतर्गत निर्मित पुलिस सर्विलांस सिस्टम के कमांड कंट्रोल सेंटर का लोकार्पण किया। मेला नियंत्रण भवन के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अल्प समय में पुलिस सर्विलांस सिस्टम के कमांड कंट्रोल सेंटर को आधुनिक रूप देने की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्मार्ट कंट्रोल रूम समय की आवश्यकता है।
सीएम तीरथ सिंह रावत ने कहा कि हमारी सरकार हरिद्वार कुंभ मेले को सुरक्षित रूप से संचालित करने के लिए दृढ़ संकल्पित है। उन्होंने कहा कि हमें ऐसे प्रयास करने हैं कि उत्तराखंड की पुलिस का नाम देश में ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व में गर्व के साथ लिया जाएगा, क्योंकि महाकुंभ में पूरे विश्व से श्रद्धालु आते हैं। उन्होंने कोविड के नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।

