Site icon Buziness Bytes Hindi

महबूबा मुफ्ती ने बेटी इल्तिजा को चुनावी मैदान में उतारा

mehbooba

पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा मुफ्ती दक्षिण कश्मीर के बिजबेहरा से आगामी विधानसभा चुनाव लड़कर चुनावी राजनीति में पदार्पण करने जा रही हैं। बिजबेहरा मुफ्ती की परंपरागत सीट है। पीडीपी महासचिव जीएन हंजूरा द्वारा सोमवार को जारी आठ उम्मीदवारों की सूची में उनका नाम भी शामिल है।

37 वर्षीय इल्तिजा का यह पहला चुनावी अभियान होगा। माना जा रहा है कि महबूबा खुद को विधानसभा चुनाव लड़ने से दूर रख सकती हैं। हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में वह अनंतनाग सीट से हार गई थीं। इससे पहले महबूबा और उनके पिता मुफ्ती सईद बिजबेहरा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। पीडीपी द्वारा घोषित उम्मीदवारों में महबूबा के मामा सरताज मदनी भी शामिल हैं, जो देवसर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे।

पीडीपी के वरिष्ठ नेता अब्दुल रहमान वीरी को अनंतनाग ईस्ट, डॉ. महबूब बेग (अनंतनाग), गुलाम नबी लोन हंजूरा (क्रिस-शरीफ), गुलाम मोहिउद्दीन वानी (वाची), वहीद-उर-रहमान पारा (पुलवामा) और रफीक अहमद नाइक (त्राल) से मैदान में उतारा गया है। पारा ने हाल ही में श्रीनगर से लोकसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। गौरतलब है कि इल्तिजा मुफ्ती अपनी मां महबूबा मुफ्ती की सलाहकार के तौर पर काम कर रही हैं और सार्वजनिक महत्व के मुद्दे भी उठा रही हैं।

Exit mobile version