ब्लैक फंगस से पीड़ित नौ मरीजों की हालत गंभीर
मेरठ में 16 ब्लैक फंगस मरीज गंवा चुके हैं जान
मेरठ। जिला मेरठ में ब्लैक फंगस मरीजों की जान लेने पर उतारू हो गया है। ब्लैक फंगस के चार मरीजों की मौत हो जाने से दहशत का माहौल बन गया है। वहीं इंफेक्शन से पीड़ित नौ मरीजों की हालत गंभीर बतायी जा रही है। अब तक मेरठ जिले में 16 मरीज ब्लैक फंगस के कारण जान गंवा चुके हैं।
मेरठ मे कोरोना संक्रमण की रफ्तार भले ही कम हो गयी हो मगर ब्लैक फंगस अब कहर बनकर बरस रहा है। ब्लैक फंगस के मरीजों के साथ संक्रमण से होने वाली मौतों का आंकड़ा भी बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को दो मरीजों ने मेडिकल कालेज में और दो मरीजोें ने निजी अस्पतालों दम तोड़ दिया। अब तक मेरठ जिले में ब्लैक फंगस के कारण 16 मरीजोें की मौत हो चुकी है। वहीं मेरठ मंडल 24 मरीज जान गंवा चुके हैं। कोविड वार्ड प्रभारी डा. धीरज के अनुसार वार्ड में भर्ती 70 मरीजों में से कई की हालत गंभीर है।
Read also: 14 अप्रैल के बाद सबसे कम दर्ज हुए कोरोना के नए मामले
आंकड़ो के अनुसार 14 अस्पतालों में 14 नए मरीज पहुंचे हैं। अब तक ब्लैक फंगस के मरीजों की संख्या 170 से अधिक हो चुुकी है। मेडिकल कालेज में भर्ती फंगस के मरीजों में से नौ मरीजों के दिमाग में संक्रमण पहुंच चुका है जो बेहद खतरनाक स्थिति इन मरीजों को आक्सीजन पर रखा गया है। मेडिकल काॅलेज में भर्ती 105 मरीजों में से 23 को डिस्चार्ज किया जा चुका है। वहीं निजी अस्पतालों को मिलाकर मेरठ में ब्लैक फंगस के 52 मरीज स्वस्थ हो गये हैं।

