रविवार को मिले 219 नये कोरोना मरीज, एक संक्रमित की मौत
मेरठ। जनपद मेरठ में कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के प्रयास नाकाम साबित हो रहे है और रविवार को 219 नये कोरोना संक्रमित मिले हैं। आज एक कोरोना संक्रमित मरीज की जान भी चली गयी है। पिछला हफ्ता पूरी तरह से कोरोना के नाम रहा और देखते ही देखते कोरोना मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो गया है।
बुधवार को जहां मेरठ जनपद में कोरोना के 119 नये मामले सामने आये थे वहीं गुरूवार को नये कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 165 रहा और शुक्रवार को 147 नये कोरोना संक्रमित मिले थे। शनिवार को भी कोरोना का ग्रहण मेरठ पर जारी रहा और 210 नये कोरोना संक्रमित मिले थे।
रविवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी कोरोना रिपोर्ट के अनुसार मेरठ जनपद में आज कुल 4828 सैंपलों की जांच की गयी जिसमें 219 सैंपल पाॅजिटिव पाये गये हैं। आज कोरोना से एक मरीज की मौत हुई है। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या 413 है। इस समय 715 लोग होम आईसोलेशन में हैं। आज 34 कोरोना संक्रमितों को उपचार के बाद विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज किया गया है। जिले में कुल कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 23149 हो गया है।
खतरनाक शहरों की श्रेणी में शामिल हुआ मेरठ
लगातार बढ़ती कोरोना मरीजों की संख्या ने मेरठ को खतरनाक श्रेणी में ला दिया है। उत्तर प्रदेश में लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर, वाराणसी के बाद अब मेरठ और सहारनपुर मंडल कोरोना संक्रमण को लेकर खतरनाक श्रेणी में शामिल किया गया है। मेरठ जिले में एक्टिव केस की संख्या 1195 हो गई है। वहीं तेजी से बढ़ते संक्रमण को देखते हुए मेरठ जनपद में शासन के आदेशानुसार और बंदिशें लागू की जा सकती हैं। आज डीएम के बालाजी ने जनपद के कक्षा 12 तक के सभी स्कूल, शैक्षणिक संस्थान और कोचिंग सेंटर्स को आगामी 30 अप्रैल तक बंद रखने के आदेश जारी कर दिये हैं।

