14 टायरा ट्रक नीचे दबे ई-रिक्शा और स्कूटी, ट्रक में लगी आग
मेरठ। बागपत की तरफ से रेत लेकर ट्रांसपोर्ट नगर जा रहे बेकाबू ट्रक का संतुलन बिगड़ गया। मलियाना पुल के ऊपर से एक 14 टायर वाला ट्रक पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे बाजार क्षेत्र में आ गिरा। दुर्घटना में कई दुकानें क्षतिग्रस्त हुई हैं। घटना मंगलवार सुबह की है, जिसके कारण किसी की जान नहीं गई। ट्रक के गिरते ही उसमें से डीजल रिसाव होने लगा था, जिस वजह से ट्रक में आग लग गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। किसी तरह आग को बुझाया जा सका। इस दौरान काफी संख्या में लोगों की भीड़ भी जुट गई, जिसे पुलिस ने लाठी फटकारते हुए काबू में किया। मौके पर दुकानदार दुकानों से अपना सामान भी निकालने में लगे हुए थे।
रेलवे ओवरब्रिज की रेलिंग को तोड़ते हुए ट्रक रेलवे ट्रैक के पास गिर गया। गिरते ही ट्रक में आग लग गई। चालक भी मौके से फरार हो गया। वहीं ट्रक के नीचे एक स्कूटी और ई-रिक्शा दब गई है। स्कूटी और ई-रिक्शा सवार को भी मामूली चोटे आई है। दोनों को केएमसी में उपचार दिलाया जा रहा है, संयोग था कि ई-रिक्शा चालक और स्कूटी सवार अपने वाहन के पास नहीं थे। पुल से गिरते समय ट्रक में आग लग गई, आसपास के मकान स्वामी ने छत से पानी डाला। उसके बाद दमकल की गाड़ी ने आग पर काबू पा लिया।
वहां मौजूद लोगों के मुताबिक रेलवे ओवर ब्रिज पर चढ़ते समय ही ट्रक का संतुलन बिगड़ गया। लग रहा था कि चालक को नींद की झपकी आ गई है। ओवर ब्रिज से ट्रक रेलिंग तोड़ता हुआ नीचे रेलवे ट्रैक के पास गिरा। उस समय नीचे एक ई-रिक्शा और स्कूटी खड़ी थी, जो ट्रक के नीचे दबकर खत्म हो गई। हादसे के समय स्कूटी सवार और ई-रिक्शा चालक कपिल कुछ दूरी पर खड़े थे, उनके हाथ में भी मामूली चोट आई है। दोनों को केएमसी में उपचार दिलाया जा रहा है। हादसे के समय गिरते हुए ट्रक में भयंकर आग लग गई। आग की लपटे उठने से आसपास के मकान स्वामी घबरा गए। उन्होंने अपनी टंकियों का पानी मकान की छत से ट्रक के ऊपर चला दिया। तब तक दमकल की गाडी पहुंच गई। उसके बाद आग पर काबू पा लिया गया।

