मेरठ। आज व्यापार समिति का एक प्रतिनिधिमंडल महामंत्री दीपक सिंघल के नेतृत्व में व बेगमपुल व्यापार संघ के संरक्षक मुकुल सिंघल के अध्यक्षता में मेरठ शहर को जाम से मुक्ति दिलाए जाने के अभियान की आड़ में व्यापारी व आम जनता के हो रहे उत्पीड़न के सम्बन्ध में मंडलायुक्त मेरठ मण्डल श्रीमान सुरेंद्र सिंह जी से मिला। संज्ञान में लाया गया कि मुख्यमंत्री के आदेश अनुसार आपके द्वारा मेरठ मण्डल को जाम से मुक्ति दिलाए जाने हेतु अवैध टेंपो स्टैंड, अवैध पार्किंग हटाए जाने के निर्देश दिए गए हैं। आदेशों के अनुसार नगर निगम, प्रवर्तन दल, ट्रैफिक व सिविल पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम पिछले दो दिनों से सड़क पर अतिक्रमण हटाए जाने की आड़ में दुकानों पर आए ग्राहक व व्यापारी के वाहनों के चालान काटने का काम कर रही है।
Read also: Edible 0il Price Relief: पेट्रोल डीजल के बाद अब खाद्य तेल की कीमत में राहत, खत्म की कस्टम डयूटी
मेरठ के विभिन्न क्षेत्रों में पिछले दो दिन से यह संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है तथा बड़ी संख्या में वाहनों के चालान काटे गए हैं। व्यापारियों के वाहन अथवा उनके यहां आने वाले ग्राहकों के वाहन दुकान के आगे कच्चे मार्ग पर खड़े होने पर भी उनका चालान संयुक्त टीम द्वारा काटे गए। यह उत्पीड़न व्यापारियों एवं आम जन के लिए सहन करने योग्य नहीं है। इस कृत्य से उ०प्र० सरकार की छवि भी धूमिल हो रही है। व्यापारी की दुकान पर ग्राहक भगवान स्वरुप है और उसकी दुकान के आगे ग्राहक के वाहन का चालान काटे जाने से उसकी दुकानदारी पर गहरा कुटाराघात है।
नगर निगम अधिनियम की धारा 114 की उप धारा 9 (क) के अनुसार वाहन खड़े करने की व्यवस्था, सार्वजनिक पार्किंग नगर निगम द्वारा की जानी है। मेरठ विकास प्राधिकरण द्वारा भी पिछले 40 वर्षों से अधिक समय में किसी भी प्रकार की कोई पार्किंग विकसित नहीं की गई है। समय-समय पर समाचार पत्रों में लेख अवश्य आते हैं कि 50 पार्किंग स्थल चिन्हित कर लिए गए हैं, 32 पर पार्किंग बनने वाली है परंतु धरातल पर कोई पार्किंग स्थल मेरठ विकास प्राधिकरण द्वारा नहीं उतारा गया। दुकानदार किसी भी दशा में अपनी दुकान के अंदर अपनी अथवा ग्राहक की पार्किंग की व्यवस्था नहीं कर सकता। पार्किंग स्थल बाजारों में विकसित न होने के कारण ग्राहक अथवा व्यापारी अपने वाहन को सड़क से हटाकर कच्चे में पार्क करता है। व्यापारियों ने निवेदन किया कि अवैध पार्किंग के नाम पर भविष्य में व्यापारी व जनता के वाहनों के बेवजह चालान न काटे जायें तथा इस अभियान के तहत काटे गए चालानों को रद्द करा कर उनको राहत दी जाए।
Read also: Petrol Diesel Price Today: आज सुबह जारी हुए पेट्रोल डीजल के नए रेट,जानिए क्या है आपके शहर का भाव
इस मौके पर संयुक्त व्यापार समिति के महामंत्री विपुल सिंघल, सुशील रस्तोगी, बेगमपुल व्यापार संघ के संरक्षक मुकुल सिंघल, अध्यक्ष राजेश सिंघल, पीएल शर्मा रोड व्यापार संघ के अध्यक्ष संजय गोयल, मेरठ मंडप एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज गुप्ता, चेयरमैन सुबोध गुप्ता, गिरीश मित्तल, इलेक्ट्रॉनिक व्यापार एसोसिएशन के महामंत्री अतुल बंसल, गढ़ रोड व्यापार समिति के कोषाध्यक्ष मदन लाल अग्रवाल, राजन बंसल, आशुतोष शर्मा, अरविंद सैनी, विवेक शर्मा, राहुल छाबड़ा, सहित भारी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

