मेरठ। Meerut News Hindi – जिले में चोरी के वाहनों को खरीदने के लिए बदनाम मेरठ के सोतीगंज कबाड़ी बाजार के कबाड़ियों पर पुलिस ने एक बार फिर से सख्त कार्रवाई की है। इस बार पुलिस ने कुख्यात कबाड़ी इकबाल की आठ करोड की एक कोठी को कुर्क किया है। बताया जाता है कि इस कोठी में चोरी के कटे वाहन और उसके स्पेयर पार्टस भी भरे हुए हैं। पुलिस ने चोरी के कटे वाहन और स्पेयर पार्टस की कीमतों का आंकलन अभी नहीं किया है। जिलाधिकारी के आदेश पर कुर्की की कार्रवाई एएसपी कैंट मेरठ सूरज राय के नेतृत्व में हुई। सूरज राय ये बताया कि कबाड़ी इकबार और इसके चार बेटों के खिलाफ थाना सदर बाजार में कई मुकदमे पंजीकृत हैं। इन पंजीकृत मुकदमों के तहत ही आज ये कुर्की की कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया इससे पहले भी इसकी कई संपत्तियों को कुर्क किया गया है। शुक्रवार को जिस संपत्ति को कुर्क किया गया उसकी कीमत करीब 8 करोड बताई जा रही है।
Read also: Meerut Update : सोतीगंज रैकेट के आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत केस दर्ज होगा
सोतीगंज में कटते थे देश भर के चोरी के वाहन :
मेरठ सोतीगंज में देशभर के चोरी के वाहन कटते थे। यहां पर साइकिल से लेकर ट्रोला तक मिनटों में गलियों मेंं गायब कर दिए जाते थे। यहां के कबाड़ी करोडपति और अरबपति हो गए थे। दिल्ली,हरियाणा, पंजाब या फिर अन्य कोई प्रांत हो वहां से चोरी के वाहन यहां पर मेरठ के सोतीगंज में लाकर बेचे जाते थे। यहां के कुख्यात कबाड़ी हाजी गल्ला और इकबाल को सोतीगंज चोर बाजार का सरगना कहा जाता था। जो भी चोरी का वाहन सोतीगंज आता था। इनकी इजाजत के बिना उसको कोई न तो खरीदता था और न काट सकता था। लेकिन वर्ष 2017 में जब प्रदेश में भाजपा सरकार आई उसके बाद से पुलिस ने सोतीगंज पर शिंकंजा कसना शुरू किया। उसके बाद से लगातार यहां के कुख्यात कबाड़ियों की कमर टूटती चली गई। आज हालात यह हैं कि सोतीगंज के चोर बाजार की हर दुकान और गोदाम पर ताला लटका हुआ है। कुछ कबाड़ी पुलिस के डर से भूमिगत हो गए और कुछ जेल की हवा खा रहे हैं। आज पुलिस की कार्रवाई उसी कड़ी का हिस्सा बताया जा रहा है।

