Site icon Buziness Bytes Hindi

T20 World Cup 2022: नीदरलैंड से मैच कल, भारत को चाहिए बड़ी जीत

T20 World cup 2022:

अमित बिश्‍नोई

पाकिस्तान को पीटने के बाद भारत को कल यानी 27 अक्टूबर को सिडनी में नीदरलैंड के खिलाफ मैच खेलना है, मेलबोर्न में आज हुए दोनों मैच बारिश से बुरी तरह प्रभावित हुए, एक मैच तो खेला ही नहीं जा सका, सिडनी से भी कुछ अच्छी ख़बरें नहीं आ रही हैं क्योंकि कल वहां भी मौसम पूरे दिन क्लॉउडी रहने की बात कही जा रही है, साथ ही 40 प्रतिशत बारिश होने की भी सम्भावना है, हालाँकि मैच धुलने जैसी बात नहीं है लेकिन DLS नियम खेल बिगाड़ भी सकता है जैसा साउथ अफ्रीका का और इंग्लैंड का बिगाड़ चूका है.

भारत- नीदरलैंड का मैच रात में खेला जाने वाला है जो भारत के समय के अनुसार दोपहर साढ़े बारह बजे शुरू होगा, रात में सिडनी के मौसम में ह्यूमिडिटी लेवल बढ़ने की सम्भावना है जिसकी वजह पासिंग शावर्स पड़ सकते हैं. मैच की बात करें तो भारत के लिए यह मैच इस लिहाज़ से ज़्यादा महत्वपूर्ण है क्योंकि पाकिस्तान के खिलाफ मैच का फैसला अंतिम गेंद पर हुआ था, ऐसे में नेट रन रेट में उसे कोई फायदा नहीं हुआ. जिस तरह इस विश्व कप में बारिश खलनायक बन रही है आगे चलकर नेट रन रेट बहुत महत्वपूर्ण होने वाला है. भारत चाहेगा कि नीदरलैंड को कल एक बड़े मार्जिन से हराया जाय ताकि NRR को इतना बेहतर बनाया जा सके जो आगे किसी भी मुश्किल घडी में टीम के काम आ सके.

वैसे तो टी 20 मैच में कभी भी कुछ भी हो सकता है लेकिन पाकिस्तान को पीटने के बाद टीम के हौसले बहुत बुलंद हैं. बल्लेबाज़ी में पाकिस्तान के खिलाफ रोहित और के एल राहुल का एकसाथ नाकाम होना ज़रूर चिंता का विषय हो सकता है लेकिन हमें यह मानना चाहिए कि यह उन दोनों के लिए एक खराब दिन था . रोहित भले ही अपनी पुरानी फॉर्म में नज़र न आ रहे हों लेकिन राहुल ने पिछले कई मैचों में कुछ बहुत अच्छी पारियां खेली हैं. सूर्यकुमार की चमक भले ही पाकिस्तान के खिलाफ न बिखरी हो मगर सूरज देर तक बादलों में छुपा नहीं रह सकता। कोहली ने फिर साबित कर दिया कि वह किंग हैं, हार्दिक लोगों के हरदिल अज़ीज़ बनते जा रहे हैं. अर्शदीप लगातार ऊंचाई की तरफ बढ़ते दिखाई दे रहे हैं, भुवनेश्वर पुरानी लय में वापस आते नज़र आ रहे हैं, शामी पुराना चावल हैं, स्पिन डिपार्टमेंट ज़रूर अपेक्षानुरूप प्रदर्शन नहीं कर पा रहा है, फिर भी भारत को नीदरलैंड को हारने में किसी मुश्किल का सामना पड़ना नहीं चाहिए, भारत को एक विशाल जीत की ज़रुरत है बस बारिश अपनी मेहरबानी रखे.

Exit mobile version