देश की सबसे बड़ी ऑटो कंपनियों में एक मारुति सुजुकी ने एक बड़ा ऐलान किया है. कंपनी अब वाहनों के साथ-साथ एयर स्पेस में भी उतरने जा रही है। एक रिपोर्ट के मुताबिक मारुति अपनी जापानी सहायक कंपनी सुजुकी के साथ मिलकर इलेक्ट्रिक हेलीकॉप्टर बनाने की योजना बना रही है। मारुति द्वारा डेवलॅप किया जा रहा इलेक्ट्रिक एयर हेलीकॉप्टर पारंपरिक हेलीकॉप्टर से छोटा और ड्रोन से बड़ा होगा जिसमें पायलट समेत कम से कम तीन यात्रियों को लेकर उड़ने की क्षमता होगी।
मारुति सुजुकी के इस कदम का उद्देश्य भारत में विस्तार करने से पहले जापान और अमेरिका के बाजारों में प्रवेश करना है। ऐसा माना जा रहा है कि आने वाले समय में एयर टैक्सियां परिवहन को एक नए लेवल पर ले जाएंगी। जिस तरह उबर और ओला रोड ट्रांसपोर्टेशन में कर रही हैं ऐसे ही ये हवाई टैक्सियाँ परिवहन में क्रांति ला सकती हैं। मारुति न सिर्फ बिक्री के लिए भारतीय बाजार तलाशने पर ध्यान केंद्रित कर रही है बल्कि विनिर्माण लागत को कम करने के लिए भारत में ही इसके विनिर्माण पर भी विचार कर रही है।
जानकारी के मुताबिक मारुति सुजुकी इलेक्ट्रिक एयर कॉप्टर का नाम स्काईड्राइव होगा। इसे जापान में 2025 ओसाका एक्सपो में प्रदर्शित किए जाने की उम्मीद है, जो मोटर और रोटर्स की 12 इकाइयों से सुसज्जित होगा। योजना के मुताबिक इसकी बिक्री पहले जापान और अमेरिका में शुरू की जाएगी लेकिन अंततः इसे ‘मेक इन इंडिया’ पहल के माध्यम से भारत में लाने का है। इस रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 1.4 टन के टेक-ऑफ वजन के साथ, एयर कॉप्टर एक पारंपरिक हेलीकॉप्टर के वजन का लगभग आधा होगा। कम वजन के कारण यह एयर कॉप्टर इमारत की छतों से भी उड़ान भर सकता है और लैंड कर सकता है।