Site icon Buziness Bytes Hindi

सुकमा में नक्सलियों ने किया बारूदी सुरंग में विस्फोट, CRPF जवान शहीद


सुकमा में नक्सलियों ने किया बारूदी सुरंग में विस्फोट, CRPF जवान शहीद

रायपुर: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में बारूदी सुरंग में हुए विस्फोट में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल का सहायक कमांडेंट शहीद हो गया है तथा सात अन्य जवान घायल हो गए हैं। बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने रविवार को बताया, ‘‘सुकमा जिले के चिंतलनार थाना क्षेत्र के अंतर्गत ताड़मेटला गांव के करीब जंगल में नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दिया। इस घटना में सीआरपीएफ की 206 कोबरा बटालियन के सहायक कमांडेंट नितिन पी भालेराव शहीद हो गए तथा सात अन्य जवान घायल हो गए। ”

ताड़मेटला गांव के जंगल में हुई घटना
इससे पहले शनिवार देर रात पुलिस अधिकारियों ने इस घटना में पांच जवानों के घायल होने की जानकारी दी थी। सुंदरराज ने बताया, ‘‘चिंतलनार क्षेत्र में सीआरपीएफ के जवानों को गश्त के लिए रवाना किया गया था। सुरक्षा बल के जवान शनिवार देर शाम करीब 8.30 बजे ताड़मेटला गांव के जंगल में थे तब नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दिया। इस घटना में सहायक कमांडेंट भालेराव समेत आठ लोग घायल हो गए थे।” उन्होंने बताया कि घटना के दौरान गोलीबारी होने की जानकारी नहीं मिली है।

Exit mobile version