कांग्रेस पार्टी भले ही सरकार द्वारा घोषित सेना में शार्ट टर्म नौकरी की “अग्निपथ योजना” पर सवाल उठा रही हो लेकिन पार्टी के बाग़ी गुट के नेता मनीष तिवारी की राय इस योजना को लेकर बिलकुल अलग है, तिवारी ने न सिर्फ इस योजना की तारीफ की बल्कि इसे मॉडर्न वॉर सिस्टम में बड़े बदलाव को देखते हुए सही दिशा में एक सही कदम बताया है. मनीष तिवारी ने कहा कि आज के दौर में आपको मोबाइल और युवा आर्मी की ज़रुरत है
बता दें कि इस योजना के विरोध में देश के सात राज्यों में नौजवानों द्वारा भारी विरोध किया जा रहा है और यह विरोध लगातार हिंसक होता जा रहा है, दो दिन पहले देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा एलान की गयी इस योजना पर सेना के पूर्व अधिकारी भी सवाल उठा रहे हैं. कांग्रेस पार्टी तो पहले से ही मुखर है, राहुल गाँधी, प्रियंका से लेकर पार्टी के सभी बड़े नेताओं ने इस योजना का विरोध किया है और सरकार से अपने फैसले पर पुनर्विचार की मांग की है, बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने भी इस मुद्दे पर आज सरकार को घेरते हुए कहा कि इस नई योजना से सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे छात्रों में निराशा फैली है. वहीँ सपा सुप्रीमो अखिलेश ने सेना के ठेकेदारीकरण को देश के युवाओं साथ विश्वासघात बताया है।
उधर सरकार पोस्टर जारी कर आंदोलित युवाओं को समझने की कोशिश कर रही है कि चार साल बाद सेना से हटाए जाने के बाद यह अग्निवीर क्या कर सकते हैं. सरकार लगातार कोशिश कर रही है कि वह सड़क पर उतरे युवाओं को समझा सके कि यह योजना उनके भविष्य के लिए बहुत अच्छी है, भाजपा शासित राज्यों द्वारा इस बात की भी घोषणाएं की जा रही हैं कि इन अग्निवीरों को चार साल बाद वह अपने राज्य की पुलिस फाॅर्स की नौकरी में प्राथमिकता देंगे, वहीँ यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंदोलित युवाओं से अपील की है कि वो बहकावे में न आएं.
