दिल्ली में चुनाव प्रचार जैसे-जैसे अपने अंतिम चरण में पहुंच रहा है, राजनीतिक दलों की ओर से बड़े-बड़े वादे और घोषणाएं भी की जा रही हैं। राजनीतिक दल एक के बाद एक वादे कर जनता को अपनी ओर मोड़ने में लगे हुए हैं। इसी बीच आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को लेकर बड़ा ऐलान किया है।
दिल्ली के जंगपुरा में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि नई सरकार में मनीष सिसोदिया डिप्टी सीएम होंगे। मनीष सिसोदिया जंगपुरा विधानसभा सीट से उम्मीदवार हैं। इससे पहले वह पटपड़गंज विधानसभा सीट से चुनाव लड़ते थे, लेकिन इस बार पार्टी ने इस सीट से अवध ओझा को मैदान में उतारा है। अवध ओझा पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं और हाल ही में आम आदमी पार्टी में शामिल हुए हैं।
दावा किया जा रहा है कि आम आदमी पार्टी सोमवार को दोपहर 12 बजे अपना घोषणापत्र जारी कर सकती है। यह घोषणापत्र पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल आम आदमी पार्टी के नेताओं की मौजूदगी में जारी करेंगे। हालांकि इस संबंध में पार्टी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

