लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आज यहां उनके सरकारी आवास पर राज्य कृषि उत्पादन मण्डी परिषद के संचालक मण्डल की 159वीं बैठक सम्पन्न हुई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने कहा कि मण्डियों को सभी सुविधाओं से युक्त करते हुए विकसित किया जाए, ताकि किसानों को आसानी हो। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी 75 जनपदों में मण्डियों का विकास आदर्श रूप में किया जाए।
मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि मण्डी परिषद द्वारा आय के संसाधनों को बढ़ाने के लिए मण्डी परिसरों में आई0टी0 एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के मानकों के अनुसार मोबाइल टावर लगाने तथा परिसर में होर्डिंग्स/विज्ञापन लगाने हेतु वाणिज्यिक दर पर किराए पर दिए जाने की भी अनुमति प्रदान कर दी गई है, जिससे मण्डी की आय में वृद्धि होगी। मण्डी परिषद द्वारा प्रदेश में ‘एक जनपद, एक उत्पाद’ योजना के अन्तर्गत सामान्य सुविधा केन्द्र आदि बनाए जाने के लिए अनुमति प्रदान की गई, ताकि ऐसे जनपदों के कृषि उत्पादों के विपणन को प्रोत्साहन मिल सके।
मुख्यमंत्री ने मण्डी परिषद को उपलब्ध फण्ड्स का तर्कसंगत उपयोग करने के निर्देश देते हुए कहा कि मण्डियों को प्रतिस्पर्धात्मक बनाया जाए। उन्होंने मण्डियों में साफ-सफाई सुनिश्चित करते हुए सभी जन सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही, लाइटिंग और साइनेज की भी उचित व्यवस्था करने के लिए कहा। उन्होंने मण्डी कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिए जाने के भी निर्देश दिए।

