पारुल सिंघल
बिरयानी का नाम सुनते ही सब के मुंह में पानी आने लगता है। चाहे हैदराबादी बिरयानी हो लखनऊ की बिरियानी हो, हांडी बिरियानी, दम बिरयानी या फिर हो चिकन, मटन बिरयानी हो। इसकी खुशबू और लज्जत हर किसी को दीवाना बना देती है। बिरयानी में यूं तो कई चीजों का प्रयोग होता है,लेकिन इस के जायके को बढ़ाने में सबसे ज्यादा योगदान बिरयानी मसाले का होता है। वहीं अगर यह मसाला घर पर ताजे खड़े मसाले को कूटकर बनाया जाए तो इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है। अधिकतर लोगों के सामने यह दिक्कत आती है कि इस मसाले को कैसे तैयार किया जाए तो आज हम आपको बताते हैं कि घर पर 14 खड़े मसालों का प्रयोग करके किस तरीके से बेहद खास और बेहतरीन स्वाद देने वाला मसाला घर पर ही बना सकते हैं।
Read also: घर में इस तरह से बनाएं करी मसाला पेस्ट, एक महीने तक नहीं होगा खराब ,यहां जाने रेसिपी
ऐसे तैयार करें बिरयानी मसाला
मसाला तैयार करने के लिए चाहिए ये 14 खड़े मसाले
3 सूखी लाल मिर्च
1/2 चाय चम्मच हल्दी
1 टेबल स्पून जीरा
7 तेजपत्ता
2 टेबल स्पून साबुत धनिया
1 चाय चम्मच सौंफ
2 इंच दालचीनी
3 बड़ी इलायची
10छोटी इलायची
1 टेबल स्पून काली मिर्च
3 स्टार अनीस
1 जायफल
3 जावित्री
4 से 5 अजवाइन की पत्तियां
विधि
सभी सामग्रियों को जुटाकर एक साथ इकट्ठा कर लें। बिरयानी मसाला बनाने से पहले इस बात का विशेष ध्यान रखें कि आप इसे तैयार करने में जो भी सामग्री इस्तेमाल कर रहे हैं वह बिल्कुल साफ और ताजी होनी चाहिए। ऐसा करने से आपका मसाला लंबे समय तक टिका रहेगा। बिरयानी मसाला बनाने के लिए सबसे पहले एक भारी तले का बर्तन लें। अब इसमें लाल मिर्च और तेज पत्ते डालें और कुरकुरे होने तक भुनें।
इस दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखें कि आपकी गैस की आंच बिल्कुल धीमी होनी चाहिए। कुरकुरा होने के बाद इन मसालों को एक अलग प्लेट में निकाल दीजिए। अब साबुत धनिया, जीरा, इसी पैन में डाल दें और खुशबू आने तक तक भूने। जब इसकी महक उठने लगे तो इसे भी आंच से उतारकर एक तरफ रख दीजिए। अजवाइन की पत्तियों को भी ड्राई रोस्ट कर लें। इसके बाद पैन में जावित्री, दालचीनी, जायफल, लौंग, काली इलायची, स्टार अनीस, हरी इलायची, काली मिर्च, सौंफ डालकर भूने।
Read also: जाने काली मिर्च के बेमिसाल फायदे, शुगर कंट्रोल करने के साथ ही मोटापा को भी करती है कंट्रोल
बेहद धीमी आंच पर हल्के हाथ से चलाते हुए इन्हें भी तब तक भूने जब तक यह कुरकुरे ना हो और मसालों से खुशबू आने लगे। ड्राई रोस्ट करने के बाद सभी मसालों को ठंडा कर ले। अब एक ब्लेंडर लें। इस ब्लेंडर में सभी भुने हुए मसाले डाल दें। साथ ही इसमें हल्दी भी मिला लें। इसे तब तक ब्लेंड करें जब तक सभी चीजे महीन पाउडर में न बदल जाए। आपका बिरयानी मसाला तैयार है। इसे दूर करने के लिए हमेशा एयरटाइट कंटेनर का इस्तेमाल करें। इससे यह मसाला लंबे समय तक चलेगा और खराब नहीं होगा। ध्यान रखें खड़े मसाले भूनते वक्त ये बिल्कुल भी जले नहीं। इन मसालों का प्रयोग आप 3 महीने तक कर सकते हैं।

