उद्धव ठाकरे से बगावत करके बनी शिवसेना शिंदे के नेता और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आगामी विधानसभा चुनावों में मुंबई के वर्ली से पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव के बेटे और शिवसेना (यूबीटी) के उम्मीदवार आदित्य ठाकरे के खिलाफ राज्यसभा सदस्य मिलिंद देवड़ा को मैदान में उतारा है। पूर्व कांग्रेस नेता और केंद्रीय राज्य मंत्री मिलिंद देवड़ा लोकसभा चुनावों से पहले ही शिवसेना शिंदे में शामिल हुए और फिर पार्टी ने उन्हें डील के तहत राज्यसभा भेज दिया।
एकनाथ शिंदे द्वारा मौजूदा विधायक और पूर्व राज्य मंत्री आदित्य ठाकरे के खिलाफ मिलिंद देवड़ा को खड़ा करने के फैसले से वर्ली में मुकाबला काफी रोमांचक हो गया है । शिवसेना शिंदे ने रविवार को 20 सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की। इस लिस्ट में भाजपा के लोकसभा सदस्य नारायण राणे के बेटे नीलेश राणे का कुडाल निर्वाचन क्षेत्र सेनाम है। उनके छोटे भाई और मौजूदा विधायक नितेश राणे को भाजपा ने सिंधुदुर्ग जिले के कंकावली से फिर से उम्मीदवार बनाया है। वाशिम जिले के रिसोड से विधान परिषद सदस्य और पूर्व सांसद भावना गवली शिंदे ने मैदान में उतारा है, जबकि एक अन्य एमएलसी, अमश्या पडवी, धुले जिले के अक्कलकुवा निर्वाचन क्षेत्र से शिवसेना के टिकट पर चुनाव लड़ेंगी।
पूर्व लोकसभा सदस्य संजय निरुपम मुंबई की डिंडोशी सीट से चुनाव लड़ेंगे। शिवसेना ने राज्य की राजधानी में अंधेरी ईस्ट सीट के लिए पूर्व भाजपा नेता मुरजी पटेल को भी नामित किया है। भाजपा के पूर्व सांसद राजेंद्र गावित, जो 2019 में शिवसेना में शामिल हुए और तब पालघर लोकसभा सीट जीते थे, उन्हें पालघर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी घोषित किया गया है। बता दें कि 288 सदस्यीय महाराष्ट्र विधानसभा के लिए मतदान 20 नवंबर को होगा और मतगणना 23 नवंबर को होगी।

