कोलकाता: पश्चिम बंगाल की ममता सरकार ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते एक बड़ा फैसला लिया है. पश्चिम बंगाल में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर आने वाले 15 दिनों तक लॉकडाउन बढ़ाने का ऐलान किया है. फिलहाल लॉकडाउन 30 मई तक था. इसे बढाकर 15 जून तक कर दिया गया है. इस दौरान पहले की तरह से बस, ट्राम और लोकल ट्रेनें बंद रहेंगी.
बता दें कि पहले 16 मई सुबह 6 बजे से 30 मई तक लागू किया गया था. नई घोषणा के तहत पूर्व की तरह ही इस दौरान स्कूल-कॉलेज और अन्य सभी शिक्षण संसथान बंद रहेंगे. साथ ही मेट्रो और बस सेवाओं को भी पूरी तरह बंद रहेंगे. पूर्व की तरह से बाजार सुबह 7 बजे से लेकर सुबह 10 बजे तक खुले रहेंगे. इसके अतिरिक्त अन्य नियम पूर्ववत ही रहेंगे.
जरूरी सेवाओं के अलावा कुछ भी चालू नहीं रहेगा और इनसे जुड़े लोगों को ही ट्रैवल करने की आजादी रहेगी. शादियों में सिर्फ 50 लोगों के शामिल होने की अनुमति है जबकि अंतिम संस्कार में अधिकतम 20 लोग शामिल हो सकेंगे.सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि जूट मिलों में पहले 30 फीसदी उपस्थिति के नियम थे. इसे बढ़ाकर 40 फीसदी कर दिया गया है तथा कंस्ट्रक्शन में वैक्सीनेशन के बाद मजदूरों का इस्तेमाल कर सकते हैं.
ममता बनर्जी ने कहा कि ग्रासरूट पर काम करने वालों को वैक्सीनेशन में प्राथमिकता दी जाएगी. पहले रिक्शावाला, सब्जीवाला, मछलीवाला और दुकानदारों को वैक्सीन दिए जाएंगे. इन्हें वैक्सीन देन में प्राथमिकता दी जाएगी.

