Site icon Buziness Bytes Hindi

महाराष्ट्र में 15 दिन और बढ़ा लॉकडाउन


महाराष्ट्र में 15 दिन और बढ़ा लॉकडाउन

मुंबई: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने आज जनता संवाद में यह स्पष्ट किया कि फिलहाल लॉकडाउन अगले 15 दिनों तक कायम रहेगा. उन्होंने कहा कि वे लॉकडाउन को चरणबद्ध तरीके से हटाएंगे. 15 जून तक कड़क लॉकडाउन तो नहीं लेकिन इसी तरह से प्रतिबंध जारी रहेंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि कई लोग आगे आएंगे और ‘यह खोलो, वह खोलो’ का दबाव बढ़ाएंगे. लेकिन परिस्थितियों को देखकर फैसला लिया जाएगा. लॉकडाउन एकदम से नहीं हटाया जाएगा.

मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र को सुरक्षित रखने के लिए यह जरूरी है. जहां संक्रमण कम है वहां थोड़ी ढील दी जाएगी. आगे मुख्यमंत्री ने जनता से आह्वान किया कि अगर रास्ते पर उतरना जरूरी ही हुआ तो कोरोना संवाहक बन कर ना उतरें, कोरोना योद्धा बन कर उतरें. कोरोना नियमों का पालन करें. प्रतिबंध तो हम धीरे-धीरे कम करेंगे ही लेकिन इसके बाद अगर बेवजह घर से बाहर निकलेंगे तो यह तीसरी लहर को निमंत्रण देने जैसा होगा.

कोरोना की स्थितियों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि आंकड़ों की बात करें तो अभी भी हम नीचे नहीं आए हैं. कोरोना में महाराष्ट्र नम्बर एक ही है. लेकिन एक राहत की बात है कि एक्टिव केसेस पहले से कम हैं. साथ ही ठीक होने वालों की संख्या में भी बढ़ोत्तरी हुई है. ग्रामीण भागों में कोरोना का संक्रमण अभी भी अधिक है. महाराष्ट्र में अभी भी कई ज़िले ऐसे है जहां नियम हल्के करके देखा तो वहां केसेस बढ़ने लगे. शहर से ज्यादा गांवों में ऐसी स्थिति देखने को मिली.

आगे मुख्यमंत्री ने तीसरी लहर पर बात करते हुए कहा कि पहली लहर ने बुजुर्गों को प्रभावित किया. दूसरी लहर से युवा वर्ग ज्यादा प्रभावित हुए. ऐसा अंदाजा है कि तीसरी लहर का सबसे ज्यादा खतरा बच्चों को होने वाला है. हमें बच्चों को सुरक्षित रखना है. इसकी हमने व्यापक तैयारी की है. हमने टास्क फोर्स गठित किया है.

Exit mobile version