प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी सरकार पर हमला बोलते हुए बुधवार को कहा कि दिल्ली में झूठ और लूट का अंत होने वाला है। उन्होंने कहा कि 8 फरवरी के बाद दिल्ली में बनने वाली भाजपा सरकार अपने सभी वादों को समयबद्ध तरीके से पूरा करेगी और यह मोदी की गारंटी है।
कांग्रेस नेता राहुल गाँधी द्वारा कल से शुरू किये गए चुनाव प्रचार के बाद आज प्रधानमंत्री मोदी भी दिल्ली के दंगल में कूद पड़े और भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश की. घोंडा के यमुना खादर में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ”दिल्ली की जनता को भाजपा के संकल्प और मोदी की गारंटी पर पूरा भरोसा है। मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि यहां के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ूंगा।” उन्होंने कहा कि 21वीं सदी के 25 साल बीत गए हैं लेकिन दिल्ली की स्थिति जस की तस है। पीएम मोदी ने हमेशा की तरह रैली में आये लोगों से कहा कि रैली का दृश्य दिल्ली के मूड को दर्शाता रहा है।
उन्होंने कहा कि यहां के लोग भाजपा की ऐसी डबल इंजन वाली सरकार चाहते हैं जो गरीबों के लिए घर बनाए, दिल्ली को आधुनिक बनाए, हर घर में नल का पानी पहुंचाए और टैंकर माफिया से मुक्ति दिलाए। उन्होंने जोर देकर कहा, “आज दिल्ली कह रही है कि जब 5 फरवरी आएगी तो ‘आपदा’ जाएगी और भाजपा आएगी।” उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार योजनाओं को बंद नहीं करेगी बल्कि उन्हें जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि आप सरकार ने दिल्ली के लोगों को माफिया के रहमोकरम पर छोड़ दिया है।
