Site icon Buziness Bytes Hindi

LIC ने फिर शुरू किया पॉपुलर जीवन अक्षय प्लान


LIC ने फिर शुरू किया पॉपुलर जीवन अक्षय प्लान

नई दिल्ली: अपनी फ्लैगशिप इमेडिएट एन्यूटी प्लान जीवन अक्षय को वापस लेने के कुछ महीनों बाद ही देश के सबसे बड़े जीवन बीमाकर्ता भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) ने इस योजना को फिर से शुरू किया है. यह योजना राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (NPS) के सब्सक्राइबर्स और पेंशन की प्लानिंग करने वालों के बीच बेहद लोकप्रिय है.

कुछ दिनों पहले LIC ने जीवन शांति की शुरुआत के बाद जीवन अक्षय स्कीम को वापस ले लिया था. हालांकि, LIC ने जीवन अक्षय स्कीम को फिर से शुरू कर दिया है, क्योंकि यह एक बेहद लोकप्रिय योजना थी. यह LIC की पेंशन योजना पोर्टफोलियो में प्रमुख योजना थी.

नए सिरे से लाई गई योजना जीवन अक्षय VII अब एलआईसी ऑफ इंडिया की इमेडिएट एन्युटी प्लान है. वहीं, जीवन शांति एक डिफर्ड यानी स्थगित एन्युटी प्लान बन गई है. इसके लिए, जीवन शांति योजना को भी संशोधित किया गया है, ताकि जीवन अक्षय के साथ किसी भी तरह के डुप्लिकेशन से बचा जा सके.

किसी भी एन्युटी स्कीम में निवेश की गई रकम पर ब्याज लगाकर एक तय समय के बाद इनकम मिलती है. इसमें हर महीने इनकम हासिल किया जा सकता है. इस तरह, एकमुश्त निवेश के बाद ऐसी योजनाओं में नियमित तौर पर एक निश्चित आय होती रहती है.

एलआईसी की जीवन अक्षय स्कीम में एकमुश्त राशि के भुगतान पर निवेशकों को एन्युटी के 10 उपलब्ध विकल्पों में से किसी एक को चुनने की सुविधा मिलती है. यानी जीवन शांति की बजाय, विकल्प A से J सिर्फ एलआईसी के जीवन अक्षय स्कीम के साथ उपलब्ध होंगे.

इस पॉलिसी को लेने पर शुरुआत में ही एन्युटी की दरों की गारंटी दे दी जाती है. पॉलिसीधारक को उम्र भर एन्युटी का भुगतान किया जाता है. इस पॉलिसी को ऑनलाइन या ऑफलाइन, दोनों तरीकों से लिया जा सकता है.

Exit mobile version