लीग क्रिकेट के महाकुम्भ इंडियन प्रीमियर लीग 2024 के शेड्यूल का ऐलान हो गया है, इस शेड्यूल के मुताबिक 22 मार्च को टूर्नामेंट का आगाज़ होगा. पहला मैच धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स और विराट कोहली वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच चेन्नई में खेला जाएगा. हालाँकि आज जो शेड्यूल जारी हुआ है वो 21 मुकाबलों का है, बाकी मैचों का शेड्यूल लोकसभा चुनाव की वजह से बाद में जारी किया जाएगा. पहले की तरह इस बार भी आईपीएल में शनिवार और रविवार को डबल हेडर मुकाबले खेले जाएंगे.
22 मार्च से 7 अप्रैल तक जारी इस शेड्यूल के दौरान कुल 4 डबल हेडर होंगे. दिल्ली कैपिटल्स की टीम इस बार विशाखापट्टनम में दो मैच खेलेगी, जो उसका होम ग्राउंड होगा. दोपहर के मैच 3.30 बजे और शाम के मैच 7.30 बजे शुरू होंगे. डबल हेडर मुकाबले 23, 24, 31 मार्च और 7 अप्रैल को खेले जायेंगे। आईपीएल 2024 में कुल 74 मैच खेले जाएंगे। पिछले सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स चैंपियन बनी थी. माना जा रहा है कि इसबार चेन्नई सुपर को पांच बार चैंपियन बनाने वाले कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का बतौर खिलाडी आखरी आईपीएल होगा.
जानकारी के मुताबिक आईपीएल का दूसरा शेड्यूल चुनावी तारीखों के एलान के बाद ही होगा। चुनाव की तारीखों को देखकर ही तय किया जायेगा कि किन क्षेत्रों में कब मतदान है, फिर उसके हिसाब से मैचों का शेड्यूल बनाया जायेगा ताकि चुनाव प्रभावित न हों. वैसे आईपीएल मैचों के दौरान भी चुनाव का रंग नज़र आता है. जब भी चुनाव के दौरान आईपीएल खेला गया, स्टेडियम में राजनीतिक रंग भी नज़र आया.

